40 करोड़ रुपये क़ीमत की ज़मीन पर अवैध क़ब्ज़े के प्रयास को प्रशासन ने किया नाकाम
Last Updated: जनवरी 24, 2025 " 11:54 पूर्वाह्न"
Indore: जिला प्रशासन व नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर ग्राम पिपल्याहाना के सर्वे नंबर 644 रकबा 4.905 चरनोई की जमीन पर हुए अवैध कब्जे को हटा दिया है। एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया है कि हल्का पटवारी ग्राम पिपल्याहाना द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था कि ग्राम पिपल्याहाना स्थित भूमि खसरा क्रमांक 644 शासकीय चरनोई मद में दर्ज है। उक्त भूमि के पैकि रकबा 0.093 हेक्टेयर पर दो पक्के चबूतरे बनाकर उन पर मूर्ति स्थापित कर व शौचालय, टीनशेड बनाकर अतिक्रमणकर्ता के द्वारा अतिक्रमण किया गया है। जूनी इंदौर अनुविभागीय अधिकारी घनश्याम धनगर एवं तहसीलदार लोकेश आहूजा द्वारा मौके पर मामले की पुष्टि की गई तथा कलेक्टर आशीष सिंह के आदेश से अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में तहसीलदार ने आदेश उपरांत नगर निगम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस जमीन का रकबा 0.610 हेक्टेयर है। जिसका बाजार मूल्य 40 करोड़ से भी अधिक है। जांच में यह भी बात सामने आई कि वर्ष 2019 में भी अवैध कब्जे का प्रयास किया गया था एवं स्थानीय रहवासियों के अनुसार यहां कच्चा शमशान था जो कि राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय चरनोई की मद में दर्ज है।