मोहर्रम के जुलूस में हिंदू राष्ट्र का बैनर जलाने का प्रयास, सैलाना में बाजार बंद, हिंदू संगठनों ने जताया आक्रोश, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कहा सख्त से सख्त कार्रवाई होगी:- वीडियो देखिए
Last Updated: जुलाई 7, 2025 " 03:08 अपराह्न"
Ratlam_ sailana: रतलाम जिले के सैलना में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हिंदू राष्ट्र का बैनर जलाने का प्रयास करने का वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आज पुलिस थाना सैलाना का घेराव करके पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो सामने आने के बाद सैलाना में बाजार बंद हो गए और पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। वायरल वीडियो में मोहर्रम के जुलूस के दौरान मुंह से आग निकालने का करतब कर रहे लोग हिंदू राष्ट्र लिखे एक बैनर के नीचे खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक व्यक्ति मुंह से ऊपर बैनर की ओर आग निकालता है। यह आग की लपटे बैनर के निचले हिस्से में लगती है।
वहां मौजूद बाकी लोग भी इसे देखते रहे, किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। इसका वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फ़ैल गया और अपनी तिव्र नाराजगी जताई है। सोमवार को हिंदू संगठनों ने जले हुए बैनर के नीचे सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। संगठनों का आरोप है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया और यह भगवा ध्वज व हिंदू राष्ट्र के प्रतीक का अपमान है। इसको लेकर स्थानीय हिंदू समाज में आक्रोश व्याप्त है। हिंदू संगठनों द्वारा आज सुबह सैलाना थाने का घेराव कर नारेबाजी की गई । हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कृत्य धर्म विशेष के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से किया गया है, जिससे शांति और सौहार्द को ठेस पहुंची है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस मामले में स्थानीय शिकायतकर्ता द्वारा नामजद शिकायत दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस दौरान अति. पुलिस अधीक्षक राकेश खाका, एसडीएम मनीष जैन, डीएसपी रतलाम अजय सारवान, एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल ,थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया, रावटी थाना प्रभारी दीपक कुमार मंडलोई, ,धामनोद चौकी प्रभारी आनंद बागवान, सहित अन्य थानों से भी भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, भारी पुलिस बल तैनात, पुलिस ने जांच शुरू की-
इस मामले में स्थानीय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना जानबूझकर की गई या अनजाने में हुई। एएसपी राकेश खाका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अभी इस मामले में चार लोगों के नाम सामने आये है जिसके भी नाम इस में आयेंगे उनपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेंगी।
सैलाना थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शांति भंग करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। वही प्रशासन द्वारा सभी समुदायों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अफवाहों से बचने और पुलिस जांच का इंतजार करने की सलाह दी गई है।