संवर्धन अभियान के तहत 10 करोड़ 89 लाख रु की लागत से 916 कार्यो की स्वीकृति दी
Last Updated: दिसम्बर 1, 2025 " 07:46 अपराह्न"
Ratlam: संवर्धन अभियान के तहत 10 करोड़ 89 लाख रु की लागत से 916 कार्यो की स्वीकृति दी
रतलाम (स्पष्ट ख़बर)। जावरा विधानसभा क्षेत्र के पिपलौदा में स्टेडियम निर्माण किया जाना है,लेकिन शासन की नई नीति के मापदण्ड अनुसार अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है,जिसके आवंटन होने के पश्चात स्वीकृति दी जाएगी।
प्रदेश के खेल व युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने jaora विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर जानकारी दी। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के प्रथम दिन विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न पर खेल मंत्री श्री सारंग ने कहा कि 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने पिपलौदा में खेल स्टेडियम की घोषणा की थी।वर्तमान में नीति अनुसार 10 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है,जिसमे से 5 एकड़ भूमि विभाग को प्राप्त हो गई शेष 5 एकड़ भूमि के आवंटन के लिए जिला कलेक्टर को लिखा गया है। जावरा ब्लाक में खेल स्टेडियम के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया की जा रही है।
विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न के जवाब में पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि वर्ष 2023-24 से लेकर आज तक जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जल सरंक्षण के विभिन्न उपाय किये जा रहे है।प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना,वाटर शेड एव जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 1073 स्थानों पर लगभग 20 करोड़ 49 लाख रु के कार्यो को स्वीकृति दी गई। जिनमे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई व वाटरशेड योजना के तहत 9 करोड़ 60 लाख रु की लागत से 157 कार्य एव जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 10 करोड़ 89 लाख रु की लागत से 916 कार्यो की स्वीकृति दी गई। विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के एक अन्य प्रश्न पर मंत्री श्री पटेल ने बताया कि क्षेत्र में सांस्कृतिक शेड निर्माण कार्य के लिए स्थल निरीक्षण कराया जा रहा है,उसके बाद स्वीकृति दी जाएगी। रतलाम जिले में विगत पांच वर्षों में मिले फसल बीमा राशि के विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि वर्ष 2020 से वर्तमान वर्ष तक रबी व खरीफ फसलों के लिए 10 लाख 38 हजार किसानों को 548 करोड़ की राशि का क्लेम किसानों को प्राप्त हुआ है।