रतलाम जिले में 5,476 करोड़ की टोल वसूली, सड़कों के नवीनीकरण व विकास कार्य जारी
Last Updated: फ़रवरी 27, 2026 " 10:52 अपराह्न"
Ratlam: रतलाम जिले में 5,476 करोड़ की टोल वसूली, सड़कों के नवीनीकरण व विकास कार्य जारी
रतलाम (स्पष्ट खबर)। रतलाम जिले के पांच प्रमुख सड़क मार्गों पर अब तक 5 हजार 476 करोड़ रुपये की टोल वसूली की जा चुकी है। इन मार्गो पर मार्ग नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय (Dr. Rajendra Pandey) के प्रश्न पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उक्त आशय की जानकारी दी । लेबड़ से जावरा एवं जावरा से नयागांव फोरलेन सड़क मार्ग पर सड़क निर्माण से अब तक पांच हजार करोड़ से अधिक की टोल वसूली (Toll Collection) हुई है। इसके अलावा उज्जैन-उन्हेल -जावरा टू लेन, रतलाम-सैलाना -बांसवाड़ा मार्ग एवं आगर-बडौद-आलोट-ताल-जावरा मार्ग एवं दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर टोल वसूली की जा रही है। इन सड़क मार्गो पर मरम्मत एवं संधारण के साथ नवीनीकरण के कार्य किये जा रहे है। विधायक डॉ पांडेय के एक अन्य प्रश्न पर लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि विगत पांच वर्षों में रतलाम जिले में विभिन्न शासकीय विभागों के आवासीय व कार्यालयों की मरम्मत, रंगाई, पुताई सात करोड़ 96 लाख रु की राशि स्वीकृत की गई । इनमें से जीर्ण शीर्ण भवनो को ध्वस्त करने की भी कार्यवाही की जा रही है। जानकारी में बताया गया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र ने गत पांच वर्षों में 30 सड़क मार्ग स्वीकृत हुए, जिसमे से 14 कार्य चल रहे है। इसके अलावा 6 स्वीकृत भवन के कार्य भी चल रहे है।जावरा विधानसभा क्षेत्र में 14 सड़क मार्गो को मजबूतीकरण का प्रस्ताव बना कर स्वीकृति की प्रक्रिया में है। विधायक डॉ पांडेय के प्रश्न पर नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला (Rakesh Shukla) ने बताया कि उज्जैन संभाग में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 251 स्थानो पर कार्य किये जा रहे है। इसके अलावा शासन के मेगा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर परियोजना के माध्यम से सौर पार्कों की स्थापना की गई। आगर,शाजापुर व नीमच जिलों में 550,450 व 500 मेगावाट सौर पार्क की स्थापना की गई।