देश में नहीं है petrol-diesel की कोई कमी, सोशल मीडिया पर फैली खबरें निकलीं फर्जी
Last Updated: मार्च 7, 2026 " 09:26 पूर्वाह्न"
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स,(Social media platforms) विशेषकर इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप (Instagram and WhatsApp) पर पेट्रोल और डीजल (petrol and diesel) की कमी को लेकर प्रसारित किए जा रहे दावे पूरी तरह से निराधार और फर्जी पाए गए हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों और आधिकारिक स्रोतों ने स्पष्ट किया है कि भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
सोशल मीडिया पर एक रील तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया गया है कि ईरान द्वारा ‘हॉर्मुज स्ट्रेट’ को बंद किए जाने के कारण भारत में कच्चे तेल की सप्लाई रुक जाएगी। इस दावे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे कीमतों में भारी बढ़ोतरी और किल्लत से बचने के लिए तुरंत पेट्रोल पंप जाकर अपनी गाड़ियों की टंकी फुल करवा लें।
Indian Oil statement
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति और वितरण नेटवर्क सामान्य है। पानीपत रिफाइनरी से जुड़े कुछ वीडियो पर स्पष्टीकरण देते हुए कंपनी ने कहा कि श्रमिकों और ठेकेदारों के बीच का विवाद सुलझा लिया गया है और रिफाइनरी का संचालन सुचारु है।
कंपनी ने एक्स (x) पर लिखा कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं। भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं।
इंडियनऑइल( indianoil ) निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों को आश्वस्त किया जाता है कि किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। कृपया पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएँ और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
HPCL का आश्वासन
एचपीसीएल ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। देशभर में ईंधन की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं तथा आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि घबराहट में पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।