Ratlam: झूठी शिकायत के विरोध में लगाए धामनोद चौकी प्रभारी मुर्दाबाद के नारे, सौंपा ज्ञापन
Last Updated: अक्टूबर 7, 2025 " 12:53 अपराह्न"
क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रही अवैध गतिविधियां-
Ratlam: क्षेत्र में अवैध सट्टा, शराब के धंधे जोरों पर चल रहे, आये दिन किसानों के मवेशियों और कृषि यंत्रों की चोरियां सहित नगर में भी घरों से छोटी मोटी चोरी की वारदातें हो रही है। जिनकी रिपोर्ट तक नहीं लिखी जाती है लेकिन जो चोरी की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाएं उन जनप्रतिनिधि के खिलाफ ही पुलिस मनगढ़ंत शिकायत पर झूठी एफआईआर कर रही है। तमाम मामले को लेकर नगर परिषद धामनोद के वार्ड क्रमांक 11 के निर्दलीय पार्षद मुकेश चौधरी के समर्थन में नगरवासियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम को ज्ञापन सौंपा। धामनोद पुलिस चौकी प्रभारी मुर्दाबाद, चौकी प्रभारी की मनमानी दादागिरी नहीं चलेगी के नारे कर ज्ञापन में जनप्रतिनिधि के विरुद्ध झूठी शिकायत दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताते हुए संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
नगरवासियों ने बताया कि दिनांक 19 सितम्बर 2025 को नगर परिषद धामनोद के वार्ड क्रमांक 15 भल्याबीड (मजरा) में स्थानीय पार्षद मोहनलाल अमलियार और वार्ड के कुछ लोगों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। इस घटना के 24 घंटे बाद कुछ व्यक्तियों ने घटना को बढ़ा-चढ़ाकर मनगढ़ंत पुलिस चौकी धामनोद में शिकायत प्रस्तुत की, जिसमें वार्ड 11 के पार्षद मुकेश चौधरी का नाम भी शामिल किया गया, जबकि वे उस समय अपने निवास पर अपनी दुकान पर मौजूद थे। उनका मकान घटना स्थल से लगभग 9 किलोमीटर दूर स्थित है।
ज्ञापन में बताया गया कि बिना उचित जांच किए ही पुलिस द्वारा पार्षद चौधरी के नाम को शिकायत में शामिल कर लिया गया, जिससे स्पष्ट होता है कि शिकायत करने वाले कुछ शरारती तत्वों ने पार्षद की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह असत्य शिकायत की।
नगरवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि धामनोद पुलिस चौकी प्रभारी आनंद बागवान द्वारा पूर्व में पार्षद के खेत में हुई चोरी की घटना में कोई कार्रवाई नहीं की गई थी, वहीं नगर में हो रही अन्य अवैध गतिविधियों पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना जांच के जनप्रतिनिधि के विरुद्ध झूठी शिकायत दर्ज करना पुलिस और शिकायतकर्ताओं की मिलीभगत का परिणाम प्रतीत होता है।
नगरवासियों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पार्षद चौधरी के विरुद्ध दर्ज झूठी शिकायत को निरस्त किया जाए तथा ऐसी असत्य शिकायत दर्ज कराने वाले और जांच के बिना प्रकरण दर्ज करने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपकर इस दौरान नगरवासियों ने कहां कि धामनोद में खुलेआम अवैध सट्टा चल रहा है, ढाबों पर अवैध शराब परोसी जा रही है। नगर में आये दिन चोरियां हो रही है, लेकिन पुलिस चौकी पर केवल आवेदन लेकर ही रवाना कर दिया जा रहा है, चोकी प्रभारी चोरी की रिपोर्ट तक नहीं लिखते हैं।
ज्ञापन देने वालों में मनोहर मालीवाड़, जानकीलाल निनामा, दिपक डोडियार, जितेन्द्र पाटीदार, सुनिल ताबीयार , दिनेश गोस्वामी, ललित मालीवाड़, विक्रम निनामा, सुरेश कटारा, पुनमचंद्र, प्रकाश, भरत , समरथ , सत्यनारायण खराड़ी, कृष्णपाल, बद्रीलाल, बद्रीलाल पारगी, गोपाल,लखन मेवाड़, मदनसिंह तंवर, बलराम, अर्जून, सतिश अमलियार, सुरेश निनामा, अमृतराम, राजेश राव, पंकज कटारा महेश ताबियार, रोहित पग्गी, लखन पग्गी, आदि बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।