अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी MP के मुख्य समारोह की मुख्य अतिथि
Last Updated: जून 20, 2026 " 05:26 अपराह्न"
योग से बनेगा स्वस्थ और विकसित भारत: CM डॉ. मोहन यादव
भोपाल, 20 जून(स्पष्ट खबर)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत की आधारशिला है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण का संदेश “समत्वं योग उच्यते” अर्थात संतुलन ही योग है, पूरे विश्व को संतुलित करने का सूत्र है। वहीं महर्षि पतंजलि ने “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” के माध्यम से मानव जीवन को स्वस्थ और निरोग रहने का मार्ग दिया है।
डॉ. यादव ने कहा कि भारत की सनातन योग परंपरा विश्व को शरीर, मन और आत्मा के स्तर पर संतुलित बनाने का आधार है। ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित यह जीवन पद्धति आज सम्पूर्ण विश्व के लिए सुख, शांति और संतुलन का मार्ग बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और अथक प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। यह भारतीय संस्कृति के प्रति विश्व समुदाय के सम्मान का प्रतीक है। वर्तमान में 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिये योग” रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्यप्रदेश में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और योग के वैश्विक आंदोलन में मध्यप्रदेश को विशेष भूमिका निभाने का अवसर मिल रहा है।
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “घर-घर योग – हर व्यक्ति निरोग” अभियान शुरू किया है। प्रदेश के 800 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्रों तथा विभिन्न चिकित्सालयों में नियमित योग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा छोटे-छोटे समूहों में भी नागरिकों को योगाभ्यास करवाया जा रहा है। योग-सखी और योग-दूत गांव-गांव और शहर-मोहल्लों तक योग का संदेश पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 12 मई से “हर घर योग अभियान” चलाया जा रहा है। आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित ऑनलाइन योग सत्रों का लाभ भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है। हाल ही में इंदौर स्थित मालवांचल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग महोत्सव में 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सामूहिक योग कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने योग को पर्यावरण-संरक्षण से भी जोड़ा है। विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक “एक पेड़ मां के नाम” विशेष अभियान चलाया गया। योग “वन अर्थ-वन हेल्थ” विचार को व्यवहार में उतारने का माध्यम है जो हमें स्वयं, समाज और प्रकृति से जोड़ता है।
डॉ. यादव ने जानकारी दी कि जनवरी 2027 में मध्यप्रदेश में “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य और एक चेतनाः समग्र कल्याण के लिए योग” विषय पर वैश्विक सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें मध्यप्रदेश भारत की सभ्यतागत चेतना का वैश्विक प्रतिनिधित्व करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया तनाव, अवसाद और जीवनशैली जनित रोगों का सामना कर रही है, तब योग मानवता के लिए बड़ा संबल है। यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और सुखी जीवन का आधार है।
उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजन, विद्यार्थियों, शासकीय सेवकों और सामाजिक संगठनों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आइए हम सभी मिलकर स्वस्थ मध्यप्रदेश, विकसित भारत और समृद्ध विश्व के निर्माण में सहभागी बनें।