रतलाम,शाजापुर, इंदौर के पांच फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित
Last Updated: नवम्बर 3, 2026 " 01:05 अपराह्न"
Indore: पांच फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित
इंदौर, (स्पष्ट खबर)। थाना बाणगंगा में दर्ज अपराध क्रमांक 1647/2026 के प्रकरण में फरार चल रहे पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त (जोन-3), नगरीय पुलिस इंदौर द्वारा कुल 20 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया गया है।
प्रकरण में आरोपी भागीरथ उर्फ कच्छूलाल गुर्जर पिता जगन्नाथ गुर्जर निवासी ग्राम टिटारिया जिला रतलाम, किशोर चौहान निवासी टिकरिया जिला रतलाम, मोहन सिंह उर्फ बाबू दादा पिता गोकुल सिंह जादौन निवासी ग्राम गोंदिया पोस्ट मुंदरसी तहसील गुलाना जिला शाजापुर, सोनू बंजारा निवासी महाराणा प्रताप नगर इंदौर तथा लालसिंह गुर्जर पिता हीरालाल गुर्जर निवासी बावड़दा तहसील जावरा जिला रतलाम शामिल हैं।
पुलिस द्वारा आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस संबंध में पूर्व में जारी उद्घोषणा के बावजूद आरोपी फरार हैं। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी अथवा गिरफ्तारी के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को 4-4 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रकार पांचों आरोपियों पर कुल 20 हजार रुपये का इनाम निर्धारित किया गया है। एक से अधिक सूचनाकर्ता अथवा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी द्वारा गिरफ्तारी में योगदान दिए जाने की स्थिति में इनाम वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), नगरीय पुलिस इंदौर द्वारा लिया जाएगा।