रतलाम: बांस एवं कृषि अपशिष्ट से दौड़ेगी गाड़ियां

  
Last Updated:  अक्टूबर 28, 2021 " 07:27 अपराह्न"

क्षेत्र के लोगों को रोजगार एवं कम दाम में ईंधन उपलब्ध करवाने की पहल

रतलाम। रतलाम जिले में बायो सीएनजी प्लांट स्थापित किए जाने हेतु कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में सामान्य वन मंडल द्वारा कार्य योजना बनाई गई है। इसमें सामान्य वन मंडल रतलाम द्वारा बांस एवं कृषि अपशिष्ट के माध्यम से बायो सीएनजी ईंधन तैयार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोज़गार भी मिलेगा और पेट्रोल- डीजल भी कम दाम में उपलब्ध होगा।

वन मंडल अधिकारी श्री डी.एस.डोडवे ने बताया कि बायोफ्यूल ऐसा ईंधन है जो बायोमास एग्रो वेस्ट द्वारा बनाया जाता है। इसे इथेनॉल या ग्रीन फ्यूल भी कहते हैं। इथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन मोनोऑक्साइड उत्सर्जित नहीं करती है। यही कारण है कि पेट्रोल के मुकाबले प्रदूषण न के बराबर होता है। जैसे-जैसे फसल कटाई का समय नज़दीक आता है वैसे-वैसे आम जनता को प्रदूषण का डर सताने लगता है। कृषि अपशिष्ट को खेतों में जलाए जाने से मिट्टी भी खराब होती है।

इसे दृष्टिगत रखते हुए कृषि अपशिष्ट का इस्तेमाल बायो सीएनजी एवं बायोएथेनॉल बनाने में करने की पहल की जा रही है। इससे किसानों को कृषि अपशिष्ट बिक जाने से अतिरिक्त लाभ मिलेगा और प्रदूषण भी कम होगा। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल के दामों पर भी लगाम लग सकेगी। इथेनॉल एक तरह का अल्कोहल है जिसका इस्तेमाल सभी तरह के मोटर वाहन चलाने में किया जा सकता है। कई देशों में इथेनॉल पर गाड़ियां चल रही है।

उन्होंने बताया कि ब्राजील में 40 प्रतिशत गाड़ियां ऐसी है जो पूरी तरह इथेनाल पर चल रही है और 35 प्रतिशत गाड़ियां इथेनॉल मिले ईंधन पर चल रही है । यह एक नवीकरणीय संसाधन एनर्जी है एक तो इससे पर्यावरण को नुकसान कम होगा दूसरा ईंधन पर होने वाले व्यय में भी कमी आएगी। अब तक डीजल एवं पेट्रोल या सीएनजी पर चलने वाले ही मोटर वाहन बनाए जा रहे हैं लेकिन धीरे धीरे ऐसे वाहन बनाए जाने पर भी जोर दिया जा रहा है जो बायो सीएनजी एवं इथेनॉल पर चल सकेंगे। उन्होंने बताया कि रतलाम जिले में बायो सीएनजी इथेनॉल प्लांट स्थापित हो जाने पर किसान अपने खेतों के कचरे का सही उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने जिले के किसानों से आग्रह भी किया है कि इस प्रयास में भागीदार बनें और नए रोज़गार स्थापित करने की इस पहल में अपना योगदान दें।

किसानों का अध्ययन भ्रमण दल रवाना

जिले में बायो सीएनजी प्लांट स्थापित किए जाने संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त करने एवं इस तकनीक का अध्ययन करने के लिए किसानों का अध्ययन भ्रमण दल गुरुवार को रतलाम से जलगांव एवं पुणे के लिए रवाना किया गया। अध्ययन दल को वन मंडल अधिकारी डी. एस. डोडवे ने अपनी शुभकामनाएं दी। अध्ययन दल में डॉ. विजय चारेल, राधेश्याम जोशी, अनिल चौधरी, जमुना लाल पाटीदार, जगन्नाथ पाटीदार एवं अन्य कृषक शामिल है। यह दल उक्त स्थानों पर सीएनजी बनाने संबंधी जानकारियां प्राप्त करेगा, जिसके उपरांत जिले में भी इस प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा सकेगा।

राज्य शासन का ऐतिहासिक फैसला- हर परिवार का अधिकार है जमीन का एक टुकड़ा – मुख्यमंत्री श्री चौहान

 595 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *