Paris Olympic 2024: नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर मेडल, अरशद के नाम गोल्ड
Last Updated: अगस्त 9, 2024 " 09:08 पूर्वाह्न"
नई दिल्ली। टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर सनसनी फैलाने वाले भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा(Neeraj Chopra) पेरिस (Paris) में सोना नहीं जीत पाए अपना सेकंड बेस्ट थ्रो फेंकने के बावजूद उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
पाकिस्तान के अरशद ने मारी बाजी-
वहीं, गोल्ड मेडल की बात करें तो वो हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान की झोली में गया. पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक 2024 में इतिहास रच दिया. उन्होंने 92.7 मीटर का थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. बता दें कि अरशद के इस प्रर्दशन ने ओलिंपिक खेलों के पुराने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
भारत के खाते में सिल्वर आने पर लोग खुशी से झूम उठे
रात के करीब सवा एक बजे परिणाम आने के बाद नीरज चोपड़ा के पानीपत के खंडरा स्थित घर पर आतिशबाजी भी हुई।
उनके पिता सतीश कुमार ने कहा कि हर किसी का दिन होता है, आज पाकिस्तान का दिन था, लेकिन रजत पदक जीता है और यह हमारे लिए गर्व की बात है. वहीं नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने कहा कि हम बहुत खुश हैं, हमारे लिए सिल्वर भी गोल्ड के बराबर है. वो चोटिल हो गया था, इसलिए हम उनके प्रदर्शन से खुश हैं।
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस में अपने प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं, नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नीरज और नदीम ने फाउल के साथ शुरुआत की थी, लेकिन पाकिस्तान के नदीम ने दूसरे प्रयास में ओलंपिक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। नीरज ने भी दूसरे प्रयास में अपने इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वह नदीम से आगे नहीं निकल सके।
नीरज सिर्फ एक ही सफल प्रयास कर सके और उन्होंने छह में से पांच फाउल किए, जबकि नदीम ने छठे प्रयास में 91.79 मीटर का थ्रो किया। यह इस मैच में दूसरी बार था जब नदीम ने 90 मीटर से अधिक का थ्रो किया। नीरज ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 89.45 मीटर दूर भाला फेंका। यह उनका दूसरा पर्सनल बेस्ट थ्रो भी है। उनका पर्सनल बेस्ट थ्रो 89.94 मीटर का है। वहीं, टोक्यो ओलंपिक में नीरज ने 87.58 मीटर दूर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने इस बार टोक्यो से ज्यादा दूर भाला जरूर फेंका, लेकिन स्वर्ण नहीं जीत पाए। हालांकि, वह आजादी के बाद एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। इससे पहले 1900 में नॉर्मन प्रिचर्ड ने एथलेटिक्स में दो पदक जरूर जीते थे, लेकिन वह ब्रिटिश मूल के थे।