रतलाम/ धामनोद पेयजल संकट के बीच कर्मचारियों की लापरवाही से सैकड़ों गैलन पानी नाले में बर्बाद.. वीडियो

  
Last Updated:  मई 23, 2026 " 03:08 अपराह्न"

Ratlam: पेयजल संकट के बीच कर्मचारियों की लापरवाही से सैकड़ों गैलन पानी नाले में बर्बाद ..वीडियो

रतलाम(स्पष्ट खबर)। जिले में धामनोद नगर में अमृत 2.0 योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। लेकिन काम में लापरवाही के चलते नागरिक पेयजल सहित अन्य समस्याएं झेल रहे हैं। कई दिनों से पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रीष्म ऋतु में नगर के पेयजल स्रोत पहले ही जवाब दे रहे हैं, ऊपर से पेयजल सप्लाई कर्मचारियों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही। आए दिन सैकड़ों गैलन पानी व्यर्थ बह जाता है।

नगर में दो पेयजल टंकियों से सप्लाई होती है – एक वार्ड क्रमांक 12 दीनदयाल नगर मुक्तेश्वर मंदिर के पास और दूसरी वार्ड क्रमांक 02 खेड़ा आश्रम के पास। इन टंकियों को नगर परिषद के ट्यूबवेल/कुएं से पाइपलाइन द्वारा सम्पवेल भरकर भरा जाता है।

शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात्रि वार्ड क्रमांक 02 खेड़ा आश्रम स्थित पेयजल टंकी को सम्पवेल से भरा जा रहा था। लेकिन मौके पर कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं था। टंकी ओवरफ्लो होकर सैकड़ों गैलन पानी नालियों से बहते हुए नाले में चला गया।

Video

क्षेत्रवासियों की सूचना पर वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद मदनलाल पाटीदार रात्रि 1 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फोन लगाया, पर किसी ने फोन नहीं उठाया। लगभग रात्रि 2 बजे मस्टर कर्मचारी पवन मौके पर पहुंचा और सम्पवेल का पंप बंद किया। तब तक सैकड़ों गैलन पानी बर्बाद हो चुका था।

एक तरफ नगर परिषद “जल बचाओ-जल संरक्षण” अभियान की औपचारिकता निभा रही है, दूसरी तरफ कर्मचारी ही पानी की बर्बादी कर रहे हैं।

पार्षद मदनलाल पाटीदार ने कहा:
“ग्रीष्म ऋतु में जब नगर के कुएं-ट्यूबवेल पानी देना बंद कर रहे हैं, ऐसे में सैकड़ों गैलन शुद्ध पानी का नाले में बह जाना आपराधिक लापरवाही है। एक तरफ नगर परिषद ‘जल बचाओ-जल संरक्षण’ के पोस्टर लगा रही है, दूसरी तरफ जिम्मेदार कर्मचारी रात्रि में ड्यूटी से गायब हैं। अमृत 2.0 के नाम पर 307 लाख खर्च हो रहे हैं, लेकिन जनता को नलों में पानी की जगह सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। इस विषय में अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्यवाही की मांग की जाएगी।

 642 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *