रतलाम/बिरमावल, बोदिना और ताजपुरिया की समस्याएं गूंजीं जनसुनवाई में

  
Last Updated:  जुलाई 7, 2026 " 06:13 अपराह्न"

Ratlam:कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जनसुनवाई में 146 आवेदनों की सुनवाई की

निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही किया समाधान

रतलाम 7 जुलाई (स्पष्ट खबर)।कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 146 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।

जनसुनवाई में ग्राम बिरमावल निवासी जैद मंसुरी ने दुकान के बाहर सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर एवं खुले विद्युत तारों से दुर्घटना की आशंका बताते हुए ट्रांसफार्मर हटाने का आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए।

राजेन्द्र कुमार पटवा ने नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा उनके नाम से पूर्व से एक कनेक्शन दर्ज होना बताया गया, जबकि इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया।

ग्राम बोदिना के ग्रामीणों ने बोदिना-नामली मार्ग पर निर्मित सीसी रोड में जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से वर्षा के दौरान घरों के सामने पानी भरने की समस्या से अवगत कराया। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए।

ग्राम ताजपुरिया पंचायत गोपालपुर के ग्रामीणों ने शासकीय बोरिंग में मोटर नहीं लगने से पेयजल समस्या होने की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान सुनिश्चित करने के लिए सीईओ, जनपद पंचायत रतलाम को निर्देशित किया।

 275 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *