रतलाम/धामनोद में गौसेवा की मिसाल: 5 घंटे के अथक प्रयास से गर्भवती गौमाता को कुएं से निकाला सुरक्षित बाहर
Last Updated: अक्टूबर 24, 2026 " 05:49 अपराह्न"
Ratlam:धामनोद में गौसेवा की मिसाल: 5 घंटे के अथक प्रयास से गर्भवती गौमाता को कुएं से निकाला सुरक्षित बाहर
रतलाम (स्पष्ट खबर)। मानवता और गौसेवा का अनुकरणीय उदाहरण धामनोद में देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एक गर्भवती गौमाता को गहरे कुएं से सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई।
घटना इस प्रकार है –
दिनांक 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल खण्ड धामनोद को सूचना प्राप्त हुई कि नगर के साईं मंदिर क्षेत्र के समीप स्थित एक कुएं में गेंदालाल निनामा की गाय गिर गई है। बताया गया कि गाय गर्भवती है।
सूचना मिलते ही विहिप बजरंग दल रतलाम विभाग एवं खण्ड धामनोद के कार्यकर्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। कुआं बहुत गहरा, कच्चा और सूखा (बिना पानी का) होने के कारण बचाव कार्य में भारी कठिनाई आ रही थी।
कार्यकर्ताओं ने साहस दिखाते हुए कुएं में उतरकर गौमाता को रस्सियों से सावधानीपूर्वक बांधा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धामनोद के पशु चिकित्सक डॉ. रूपचंद डोडियार को तत्काल घटनास्थल पर बुलाया गया।
जब हाथों से निकालना संभव नहीं हुआ, तो कार्यकर्ताओं ने मानवता का परिचय देते हुए क्रेन मालिक आयुष पाटीदार से संपर्क किया। आयुष ने गौसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए निःशुल्क क्रेन सेवा उपलब्ध कराई और स्वयं क्रेन लेकर मौके पर पहुंचे।
क्रेन की सहायता से लगभग 5 घंटे के अथक परिश्रम के बाद गौमाता को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली। बाहर निकालते ही पशु चिकित्सक डॉ. मईड़ा द्वारा गौमाता का प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात है कि गौमाता पूर्णतः सुरक्षित और स्वस्थ है।
इस पूरे सेवा कार्य में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों का सराहनीय सहयोग रहा। नगर में इस गौसेवा कार्य की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है।