MP के खरगोन में बनेगी देश की सबसे बड़ी मिर्च मंडी, मंडी का नाम पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर रखा जाएगा-

  
Last Updated:  जून 30, 2020 " 11:42 पूर्वाह्न"

भोपाल/खरगोन: मध्य प्रदेश  को एक और नयी पहचान मिलने वाली है। यहां देश की सबसे बड़ी मिर्च मंडी बनने जा रही है। खरगोन ज़िले को इसके लिए चुना गया है। बलवाड़ी में कृषि मंत्री कमल पटेल ने इसका लोकार्पण किया। इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगा।  

देश की पहली और सबसे बड़ी मिर्च मंडी आंध्रप्रदेश के गुंटूर में है। यहां सबसे ज्यादा मिर्च की खरीद-बिक्री होती है। लेकिन अब गुंटूर को पीछे छोड़ते हुए एमपी में देश की सबसे बड़ी मिर्च मंडी बन रही है। यहां की मिर्च देश में नहीं विदेश में भी फेमस है। एमपी में खरगोन जिले की बलवाड़ी में देश की पहली सबसे बड़ी मिर्च मंडी बन रही है। इस मंडी का पहले चरण का काम पूरा हो गया है। कृषि मंत्री कमल पटेल ने 8 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से पहले चरण में पूरे हुए कार्यों का लोकार्पण कर दिया है. उन्होंने कहा अब 13 करोड़ की लागत से दूसरे चरण के काम भी जल्द शुरू होंगे। 
खरगोन जिला मुख्यालय से सटे ग्राम बलवाड़ी में 8 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से बनी मिर्च और फल सब्जी मंडी का मंत्री कमल पटेल ने ई लोकार्पण किया। लोकार्पण के साथ ही मंडी का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने की घोषणा की। इस मंडी के निर्माण के लिए 21 मार्च 2018 में पूर्व कृषि मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने भूमिपूजन किया था। मंडी के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित पूर्व कृषि राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने कहा जिले में फल, सब्जी मंडी की आवश्यकता थी। बलवाड़ी में 35 एकड़ जमीन पर ये मंडी बनायी जा रही है। मंत्री कमल पटेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कहा किसानों की उपज को गांव से मंडी तक पहुंचाने का मार्ग पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से आसान किया था। इसलिए इस मंडी का नाम उन्ही के नाम पर रखा जाता है।
जानकारी के अनुसार भारत मिर्च का सबसे बड़ा उत्पादक देश है। यहां पूरी दुनिया की 30 फीसदी मिर्च पैदा होती है। इसके बाद चीन,थाईलैंड, इथियोपिया और इंडोनेशिया जैसे देशों का नंबर आता है। बड़े उत्पादक होने के साथ ही भारत बड़ा उपभोक्ता और निर्यातक देश भी है. आंकड़ों के अनुसार विश्व में 1.5 मिलियन हेक्टेयर रकबे पर मिर्च की खेती की जाती है, इसमें से अकेले भारत में 0.752 मिलियन हेक्टेयर खेती होती है। मध्यप्रदेश का खरगोन जिला उत्पादन में सबसे ऊपर है। विश्व में हर साल लगभग 7 मिलियन टन मिर्च की पैदावार होती है इसमें से अकेले भारत में 2.14 मिलियन टन मिर्च का उत्पादन होता है। खरगोन की मिर्ची देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फेमस है। यही कारण है कि यहां के मिर्ची की सप्लाई विदेशों में भी की जाती है।

 1,798 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *