रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी पर घात लगाकर हमला, युवक घायल
Last Updated: जून 3, 2026 " 01:32 अपराह्न"
Ratlam:भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी पर घात लगाकर हमला, युवक घायल
रतलाम (स्पष्ट खबर)। जिले में सत्ताधारी दल के नेता पर हमले से सनसनी फैल गई। मंगलवार रात करीब 8 बजे भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की गाड़ी पर ग्राम आमलीपाड़ा के पास अज्ञात बदमाशों ने गोफन से ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। हमले में सफारी गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ऐसे हुई घटना प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन एक कार्यक्रम में शामिल होने रतलाम से रावटी जा रहे थे। जिस सफारी गाड़ी से वे जा रहे थे, वह जुबिन जैन की बताई जा रही है। रात करीब 8 बजे जैसे ही गाड़ी आमलीपाड़ा गांव के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने गोफन से पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
एक युवक लहूलुहान अचानक हुए पथराव से गाड़ी के कांच टूट गए। कांच और पत्थर लगने से गाड़ी में सवार चिराग नामक युवक के सिर में गंभीर चोट आई। वह लहूलुहान हो गया। गनीमत रही कि जिलाध्यक्ष उपाध्याय और उपाध्यक्ष जैन इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच शुरू सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष की गाड़ी पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने तत्काल दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को लिखित व मौखिक सूचना दी।
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आमलीपाड़ा व आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। हमले के पीछे की वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।