रतलाम/हाईवे से बंपर हटाए एवं कनेक्टिंग रोड पर बंपर लगाए : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  
Last Updated:  अगस्त 24, 2026 " 03:50 अपराह्न"

Ratlam: 108 एंबुलेंस द्वारा लापरवाही करने पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करे

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

रतलाम(स्पष्ट खबर)। कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, स्पीड ब्रेकर तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने निर्देश दिए कि हाईवे से अनावश्यक बंपर हटाए जाएं तथा हाईवे से जुड़ने वाली सभी कनेक्टिंग एवं साइड सड़कों पर आवश्यकतानुसार बंपर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि बंपर मुख्य हाईवे पर नहीं, बल्कि साइड रोड पर लगाए जाने चाहिए, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात सुचारू रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। उन्होंने निर्देश दिए कि किन स्थानों पर बंपर लगाए जाने हैं, इसका सर्वे कराया जाए। आगामी बैठक में पुलिस द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए कि संबंधित विभागों द्वारा निर्देशानुसार बंपर लगाए गए हैं अथवा नहीं। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर ने एमपीआरडीसी की सड़कों पर एक ही स्थान पर बनाए गए अधिक संख्या में स्पीड ब्रेकरों को भी कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक साथ छह ब्रेकर होने से भी दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है, इसलिए आवश्यकतानुसार इनकी संख्या कम की जाए। जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट से जुड़ने वाली सड़कों पर भी आवश्यकतानुसार बंपर लगाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एमपीआरडीसी द्वारा बताया गया कि जिले में चिन्हित 30 अवैध कट में से 24 अवैध कट बंद किए जा चुके हैं, जबकि 6 अवैध कट शेष हैं। कलेक्टर ने शेष सभी अवैध कट तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पूर्व यह भी अध्ययन किया जाए कि संबंधित स्थान पर वास्तव में कट की आवश्यकता है अथवा नहीं। यदि किसी स्थान पर नियमानुसार कट की आवश्यकता हो तो उसे वैध बनाने की प्रक्रिया अपनाई जाए। अवैध कट बंद करने की कार्रवाई के दौरान निर्धारित गाइडलाइन एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए।

108 एंबुलेंस की लापरवाही पर एफआईआर के निर्देश

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने 108 एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यदि एंबुलेंस संचालन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही अथवा गलत कार्य किया जाता है तो पुलिस द्वारा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, एडिशनल एसपी, सड़क सुरक्षा समिति के सचिव महेंद्र चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 44 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *