दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा प्रशासन, की सतर्कता एवं नमूना कार्रवाई, 8 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, कुल 19 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित

  
Last Updated:  अक्टूबर 29, 2026 " 05:34 अपराह्न"

Indore: दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा प्रशासन, की सतर्कता एवं नमूना कार्रवाई

इंदौर (स्पष्ट खबर)। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश , नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल मनोज पुष्प के निर्देशन में तथा कलेक्टर जिला इंदौर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर (Indore) द्वारा दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को नमकीन क्लस्टर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित मिठाई, नमकीन एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण की परिस्थितियों, साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों एवं भंडारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। आज की कार्रवाई में कुल 8 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 19 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

जैन मिठाई भंडार, नमकीन क्लस्टर, इंदौर

निरीक्षण के दौरान मौके पर प्रतिष्ठान के पार्टनर श्री अंशुल जैन उपस्थित पाए गए। परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण की परिस्थितियां एवं साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के निर्माण में विशेष सावधानी बरतने, स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित एवं स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार करने के आवश्यक निर्देश दिए गए। परिसर में निर्मित काजू कतली, मीठा मावा एवं नमकीन सेव सहित कुल 4 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

शंकर फूड प्रोडक्ट्स, नमकीन क्लस्टर, इंदौर

इकाई के निरीक्षण के दौरान परिसर में आलू चिप्स एवं विभिन्न प्रकार के नमकीन का निर्माण किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा संबंधी परिस्थितियां एवं परिसर की स्वच्छता संतोषजनक पाई गई। जांच हेतु विभिन्न प्रकार के नमकीन के कुल 3 नमूने संग्रहित किए गए। इकाई संचालक को निर्माण प्रक्रिया के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से रखने तथा खाद्य पदार्थों को संदूषण से बचाने के निर्देश दिए गए।

आशा फूड्स, नमकीन क्लस्टर, इंदौर

आशा फूड्स का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। आगामी पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में आवश्यक सावधानी बरतने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जैन फूड प्रोडक्ट्स, नमकीन क्लस्टर, इंदौर

निरीक्षण के दौरान परिसर में विभिन्न प्रकार के नमकीन एवं आलू वेफर्स का निर्माण किया जाना पाया गया। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था उचित पाई गई। परिसर से आलू चिप्स, रतलामी सेव एवं आलू लच्छा के कुल 3 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छ एवं सुरक्षित कच्चे माल का उपयोग करने, निर्माण स्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा तैयार खाद्य सामग्री को धूल, गंदगी एवं अन्य बाहरी संदूषण से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

जैन श्री मार्केटिंग, नमकीन क्लस्टर, इंदौर

जैन श्री मार्केटिंग का निरीक्षण किया गया। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। परिसर से उज्जैनी सेव,मीठा मिक्सचर एवं लौंग सेव सहित कुल 3 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

राधा कृष्ण दूध डेयरी, गांधीनगर, इंदौर

राधा कृष्ण दूध डेयरी का निरीक्षण कर निखिल चौधरी की उपस्थिति में दही एवं घी के कुल 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। डेयरी संचालक को दुग्ध उत्पादों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित परिस्थितियों में रखने के निर्देश दिए गए।

बीकानेर स्वीट्स, गांधीनगर, इंदौर

बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। तेजाराम की उपस्थिति में मावा पेड़ा का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत मिठाइयों के निर्माण में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

महालक्ष्मी नमकीन एवं स्वीट्स, नैनोद, इंदौर

महालक्ष्मी नमकीन एवं स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। नरेंद्र सिंह पवार की उपस्थिति में मावा मिठाई, मावा रोल एवं नमकीन के कुल 3 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के दौरान स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों को संदूषण से सुरक्षित रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए।

दीपावली पर्व के दौरान खाद्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दृष्टिगत की जा रही ये निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाईयां एहतियाती रूप से की जा रही हैं, ताकि निर्माण इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थ स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए जाएं। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, परिसर एवं उपकरणों की नियमित सफाई करने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने तथा निर्माण एवं भंडारण के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

संग्रहित खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 41 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *