सीएम हेल्पलाइन में 24 घंटे के अन्दर शिकायतकर्ता को फोन नहीं करने वाले एल-1 अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश
Last Updated: जनवरी 25, 2021 " 05:45 अपराह्न"
कलेक्टर ने टीएल बैठक ली
उज्जैन|कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के लेवल-1 के अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं से शिकायत दर्ज होने के चौबीस घंटे के अन्दर दूरभाष पर चर्चा नहीं करने के कारण उज्जैन नगरीय निकाय के दो तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के दो एल-1 अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश नगर निगम आयुक्त एवं जिला पंचायत सीईओ को दिये हैं। कलेक्टर ने साथ ही यह भी कहा है कि जिन वरिष्ठ अधिकारियों के अधीनस्थ एल-1 अधिकारी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं वे स्वयं उन पर कार्यवाही करते हुए उनका वेतन काटने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने आज समय-सीमा के पत्रों की समीक्षा के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि उज्जैन जिले की अग्रणी बैंक प्रबंधक, अनुसूचित जाति जनजाति विभाग एवं ऊर्जा विभाग संतुष्टि से शिकायतों के निराकरण के मामले में प्रदेश में टॉप-10 में आये हैं। कलेक्टर ने बाकी सभी विभागों को भी हिदायत दी है कि वे शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता में लें। कलेक्टर ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर शिकायतकर्ता को फोन करने के मामलों की समीक्षा भी की। कलेक्टर ने बैठक में आगामी फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की प्रस्तावित यात्रा को लेकर चर्चा की एवं दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद, जिला पंचायत सीईओ श्री अंकित अस्थाना, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, स्मार्ट सिटी सीईओ श्री जितेन्द्रसिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।