सम्पूर्ण बड़वानी जिले में अब रहेगा 9 दिवस का लॉकडाउन
Last Updated: अप्रैल 10, 2021 " 11:42 अपराह्न"
इन्दौर| प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने इंदौर संभाग के बड़वानी जिले के क्राईसिस मैनेजमेंट समिति में हुये 9 दिवस के लॉक डाउन को सहमति प्रदान की है। जिसके कारण अब बड़वानी में 19 अप्रैल के सोमवार को प्रातः 6 बजे तक लॉक डाउन रहेगा। इसके कारण अब जिले में 9 अप्रैल के शुक्रवार की शाम 6 बजे से प्रारंभ लॉक डाउन की अवधि बढ़कर अब 19 अप्रैल की सोमवार को प्रातः 6 बजे तक हो जायेगी। इस दौरान अत्यावश्यक सेवाए प्रारंभ रहेगी।
मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से की कोरोना संक्रमण की समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शुक्रवार को प्रातः 11 बजे से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कोरोना नियंत्रण की समीक्षा की। साथ ही जनप्रतिनिधियों से वीसी में सुझाव मांगे। इस दौरान एनआईसी बड़वानी में प्रदेश के केबिनेट मंत्री श्री प्रेमसिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल, कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री निमिष अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री ऋतुराजसिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, समिति के अशासकीय सदस्य श्री राधेश्याम पाटीदार, डॉ. चक्रेश पहाडि़या, सीएमएचओ डॉ अनिता सिंगारे एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले में कोरोना प्रभावितो की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। अब प्रतिदिन 100 से अधिक कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हो रही है। ऐसे में कोरोना को रोकने के लिये जरूरी है कि जिला क्राईसिस मैनेजमेंट समिति में हुये 9 दिवस के लॉक डाउन को अनुमति प्रदान की जाये। इस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय परिस्थितियों के मददेनजर 9 दिन लॉक डाउन करने के प्रस्ताव को अपनी सहमति प्रदान की।
विडियो कान्फ्रेसिंग के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़वानी कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा को भी निर्देशित किया कि महाराष्ट्र की सीमा से बड़वानी के लौट रहे श्रमिक पैदल चलकर अपने ग्राम न जाये। इसके लिये उन्हें आवश्यकता पड़ने पर वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाये। किन्तु ग्राम पहुंचने पर इनसे अनिवार्य रूप से 7 दिवस के लिये होम क्वारेंटाइन का पालन करवाया जाये।