Ratlam: रविवार को सैलाना मे कांग्रेस, निर्दलीय की रैली के बाद भाजपा ने की नुक्कड़ सभा
Last Updated: नवम्बर 13, 2023 " 01:26 पूर्वाह्न"
रतलाम/सैलाना। रविवार को सैलाना में त्योहारी हाट बाजार होने से नगर में काफी मात्रा में भीड़ जुटी हुई थी। जिसका लाभ हर पार्टी ने उठाया। सुबह कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक हर्ष विजय गहलोत की जनसंपर्क रैली बोदीना रोड से प्रारंभ होकर पूरे नगर में भ्रमण किया। उसके बाद जयस समर्थित प्रत्याशी कमलेश्वर डोडियार की जनसंपर्क रैली स्थानीय नाग बावजी के मंदिर से प्रारंभ होकर पूरे नगर में जनसंपर्क व नुक्कड़ सभा की। दोपहर बाद भाजपा प्रत्याशी संगीता चारेल की पैलेस चौराहे पर नुक्कड़ सभा हुई।
नुक्कड सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संगीता चारेल ने कांग्रेस सरकार के 15 माह के कार्यकाल को बताते हुए गुंडा राज की बात कहते हुए आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बनते ही जिते हुए विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने नगर में गुंडा गिरी की। ऐसे व्यक्ति को जनता दोबारा मोका नही देगी। कांग्रेस के राज में किसानों को बिजली के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी लेकिन आज किसानों को भरपूर बिजली मिल रही है। उन्होंने रतलाम से बजाना तथा सैलाना शिवगढ से रावटी का सडक निर्माण भाजपा सरकार ने करवाया, सैलाना नगर में निकले बाईपास तथा नगर का आंतरिक मार्ग बनवाया। नगर मे फिल्टर प्लांट लगवाया ताकि शुद्ध पैयजल मिले। बजाना का केसरिया कुंड, हरसोला का तालाब, अड़वानिया का तालाब, गेणी का तालाब सहित अन्य विकास कार्य मेरे कार्यकाल में हुए जो 2 हजार करोड रुपए से अधिक के है। मुझे पुनः इस बार जीतवा कर विधानसभा में भेजो, मैं सैलाना क्षेत्र के विकास में कोई कमी नही आने दूंगी। नुक्कड़ सभा को नारायण सिंह मईडा, मोती निनामा, सुरेश सिंघार आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन सौरभ रांका ने किया तथा आभार भूपेंद्र जायसवाल ने माना।