संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक, दो युवक लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से कूद गए

  
Last Updated:  दिसम्बर 13, 2023 " 05:26 अपराह्न"

नई दिल्ली। संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है, दो युवक लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में घुस गए, ये दोनों शख्स दर्शक दीर्घा से कूदे थे, इन्हें सांसदों ने पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, दो युवक दर्शक गैलरी से कूदे और उनके द्वारा कुछ फेंका गया, जिससे गैस निकल रही थी, उन्हें सांसदों ने पकड़ लिया, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला, सदन दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया, यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है क्योंकि आज हम उन लोगों की पुण्य तिथि मना रहे हैं, जिन्होंने 2001 में अपने प्राणों की आहुति दी थी।

संसद की सुरक्षा में चूक के मामले में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शाम को 4 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक में सभी दलों के नेताओं को मौजूद रहने को कहा गया है. लोकसभा की दर्शक दीर्घा से दो लोगों के कूदने के बाद अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था, जिसके चलते दोपहर दो बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।

दो बजे के कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्षी सांसदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

इसपर ओम बिरला ने सांसदों को सुरक्षा के प्रति गंभीर होने का आश्वासन दिया और कहा कि सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस गहन पड़ताल कर रही हैं, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि यह मामला गंभीर है। लेकिन फिलहाल सांसदों की सुरक्षा को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हम सब की चिंता थी कि वह धुआं क्या था, प्राथमिक जांच में वह साधारण धुआं है, उसकी चिंता की जरूरत नहीं है, उसकी प्रारंभिक जांच की गई है, फिलहाल इस घटना के लिए कोई किसी को दोषी नहीं ठहरा रहा।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि सांसदों के सुझावों पर अमल भी किया जाएगा, स्पीकर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सांसदों के अनुमोदन पर दर्शकदीर्घा के लिए पास बनाने के नियम और शर्तों की समीक्षा भी की जाएगी, ओम बिरला ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, इसे सबके साथ शेयर किया जाएगा. उन्होंने सांसदों को आश्वस्त किया कि सदन की कार्यवाही बाधित करने के लिए अचानक कूदने वाले दोनों शख्स हिरासत में ले लिए गए हैं. पुलिस जांच कर रही है, सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलती रहेगी। आज 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए हमले की बरसी मनाई गई, इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेता मौजूद थे।

 695 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *