MP : मां राशन लेने गई, पीछे घर में जिंदा जले तीन मासूम
Last Updated: मई 23, 2026 " 08:42 अपराह्न"
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी में एक बेहद ही दुःखद और हृदयविदारक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी जिले के कसिहवा ग्राम में मंगलवार सुबह एक खपरैल मकान में भीषण आग लगने से तीन मासूम सगे भाई-बहन की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के वक्त घर में मौजूद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी अंदर नहीं जा सका।
जमोड़ी थाना क्षेत्र के कसिहवा निवासी रामरतन साकेत रोज की तरह सुबह मजदूरी करने शहर चले गए थे। उनकी पत्नी तीन बच्चों को घर में छोड़कर राशन लेने गई थीं। इसी दौरान करीब 10 बजे घर में अचानक आग भड़क गई। घर के अंदर रिद्धि साकेत (3), रागिनी साकेत (8) और उनका पांच वर्षीय भाई फंस गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे अंदर से मदद के लिए चिल्लाते रहे। ग्रामीणों ने पानी का इंतजाम कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन खपरैल घर होने से आग तेजी से फैली। सूचना के लगभग 2 घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, पर तब तक मकान पूरी तरह खाक हो चुका था।
घटना की सूचना पर जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी टीम के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तीनों शव बाहर निकाले गए और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “यह अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।” ग्रामीण शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं।
एक बहन बची मृतक बच्चों की एक बहन ननिहाल में होने के कारण इस हादसे में बच गई। कलेक्टर ने पीड़ित परिवार को संबल योजना सहित शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं के तहत त्वरित आर्थिक सहायता देने की बात कही है। जांच में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।