CJP की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान

  
Last Updated:  जून 4, 2026 " 02:49 अपराह्न"

प्रवक्ता सौरव दास बोले- ‘सिस्टम में ही सड़न है’, CBSE अफसरों के ट्रांसफर को बताया ‘दिखावा’

नई दिल्ली । सोशल मीडिया पर तेजी से उभरे युवा संगठन ‘क्राकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने बुधवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पार्टी के तीनों प्रवक्ताओं- सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका ने NEET-UG पेपर लीक और CBSE की मार्किंग व्यवस्था में गड़बड़ी को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

‘व्यवस्था में जवाबदेही नहीं’: सौरव दास
CJP के मुख्य प्रवक्ता और स्वतंत्र पत्रकार सौरव दास ने कहा, “हम व्यवस्था में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। हम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।” मंगलवार को CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता के ट्रांसफर पर दास ने कहा कि इसे कार्रवाई के तौर पर पेश किया जा रहा है, जबकि यह “महज एक दिखावा” है। उन्होंने कहा, “सिस्टम में ही सड़न है।”

6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, दीपके मांगेंगे अनुमति
दास ने बताया कि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे। पार्टी ने देशभर के युवाओं से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। दास ने स्पष्ट किया, “हमने एक खुली अपील की है। कोई भी बिना किसी पार्टी बैनर के हमारे साथ जुड़ सकता है।”

‘सरकार और विपक्ष दोनों से बात को तैयार’
CJP ने कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों से बातचीत के लिए तैयार है। दास ने कहा, “हम हर किसी से बातचीत के लिए तैयार हैं, चाहे वे सत्ता में हों या विपक्ष में।”

‘गिरफ्तारी हुई तो समर्थन और बढ़ेगा’: विजेता दहिया
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा के बीच, दीपके की संभावित गिरफ्तारी पर CJP प्रवक्ता विजेता दहिया ने कहा, “अगर सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया जा सकता है, तो दीपके को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है, तो और भी ज्यादा लोग हमारे समर्थन में आगे आएंगे।”_

AAP कनेक्शन पर बोले रांका: ‘पिछले संबंध मायने नहीं रखते’-
दीपके के AAP की सोशल मीडिया टीम से जुड़े रहने के सवाल पर प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, “हमारे पिछले संबंध मायने नहीं रखते। यह लड़ाई उससे कहीं ज्यादा बड़ी है। CJP किसी एक व्यक्ति या किसी भी संगठन से कहीं ज्यादा बड़ी है।” रांका IIT कानपुर और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के पूर्व छात्र हैं और मैकिन्से एंड कंपनी में काम कर चुके हैं।

पृष्ठभूमि-
CJP की शुरुआत मई 2026 में एक अदालती टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें बेरोजगार युवा सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स को कथित तौर पर “cockroaches” कहा गया था। इसके बाद युवाओं ने इसे व्यंग्यात्मक आंदोलन का रूप दे दिया। पार्टी का दावा है कि वह “उन लोगों की आवाज है जिन्हें सिस्टम ने गिनना ही भुला दिया।
डिस्क्लेमर: यह खबर सार्वजनिक बयानों और प्रेस कॉन्फ्रेंस पर आधारित है। CJP एक अपंजीकृत युवा संगठन है।

 138 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *