गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन: सहायक आपूर्ति अधिकारी निलंबित, जिला आपूर्ति नियंत्रक हटाए गए
Last Updated: जून 14, 2026 " 12:07 अपराह्न"
मंत्री राजपूत बोले, लापरवाही करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
भोपाल, (स्पष्ट खबर)। सागर (sagar) जिले में गेहूं खरीदी में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आने पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत (Govind Singh Rajput) ने कड़ी कार्रवाई की है। मंत्री के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी निशांत पांडे को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। वहीं जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति बघेल को सागर जिले के प्रभार से हटाकर भोपाल मुख्यालय में उपस्थित होने के आदेश दिए गए हैं।
बोरियों में मिला मिट्टी मामला सागर के गंभीरिया स्थित लक्ष्मी नगर के श्री देव प्रभाकर हाउस वेयरहाउस का है। यहां गेहूं की बोरियों में भारी मात्रा में मिट्टी मिलने की शिकायत मिली थी। प्रारंभिक जांच में कुछ बोरियों में गेहूं के स्थान पर अत्यधिक मिट्टी पाई गई। प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर संबंधित स्व-सहायता समूह के पदाधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है।
अन्य विभागों की भी होगी जांच मंत्री श्री राजपूत ने कलेक्टर सागर को निर्देश दिए हैं कि खाद्य विभाग के अलावा उपार्जन प्रक्रिया से जुड़े अन्य विभागों के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। जांच में दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई होगी।
किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: मंत्री मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की मेहनत और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने कहा, “किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनकी मेहनत और विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। गेहूं खरीदी में हुई गड़बड़ी अत्यंत गंभीर मामला है। जांच में जो भी अधिकारी, कर्मचारी या संस्था दोषी पाई जाएगी, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था और अधिक मजबूत की जाएगी। पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।