रतलाम/ सांची मिल्क पार्लर में चोरी का कुछ ही घंटों में खुलासा, जिला बदर आरोपी गिरफ्तार

  
Last Updated:  जून 14, 2026 " 08:00 अपराह्न"


Ratlam : चोरी गया ₹7,500 का माल बरामद, धारा 14 के तहत भी कार्रवाई

रतलाम(स्पष्ट खबर)। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने सांची मिल्क पार्लर में हुई चोरी का मात्र कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए जिला बदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गया ₹7,500 का मशरूका भी बरामद कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को फरियादी मनोज शर्मा निवासी ब्राह्मण गली, जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम अरनिया पीथा मंडी स्थित उनकी सांची मिल्क पार्लर एवं मसाला जोन की गुमटी का रात में अज्ञात बदमाश ने ताला तोड़ दिया। गुमटी से नमकीन, बेकरी का सामान और गुल्लक में रखी नगदी चोरी कर ली गई। रिपोर्ट पर थाना औ. क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 330/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी विवेक कुमार, सीएसपी युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी राहुल पिता जगदीश हायरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम झालवा को गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से चोरी गया नमकीन व बेकरी का सामान कीमत करीब ₹5,000 तथा गुल्लक से चुराई गई नगदी ₹2,500 जब्त की गई। कुल ₹7,500 का माल बरामद हुआ।

जिला बदर शर्तों का उल्लंघन:
विवेचना में सामने आया कि आरोपी राहुल को जिला दंडाधिकारी रतलाम ने 07.01.2026 से एक वर्ष के लिए जिला बदर किया था। शर्त थी कि आरोपी हर माह के प्रथम एवं तृतीय सोमवार को थाना औ. क्षेत्र जावरा में हाजिरी देगा और ऐसा आचरण करेगा जिससे जनता को संत्रास न हो। इसके बावजूद आरोपी ने शर्तों का उल्लंघन कर पुनः अपराध किया। इस पर आरोपी के विरुद्ध म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 भी बढ़ाई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इनकी रही सराहनीय भूमिका:
कार्रवाई में निरीक्षक प्रकाश गाडरिया, उपनिरीक्षक कुलदीप डाबी, सउनि छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक योगेश सैनी, धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक बालकृष्ण चंदेल, रविन्द्र सिंह, रवि पाटीदार, योगेश राठौर एवं चेतन राठौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 177 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *