अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन सख्त, 27 करोड़ की जमीन कराई मुक्त
Last Updated: जून 26, 2026 " 11:45 अपराह्न"
Bhopal में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन सख्त, 27 करोड़ की जमीन कराई मुक्त
भोपाल, 26 जून (स्पष्ट खबर)। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को लगभग 27 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की 3.16 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अनुविभागीय अधिकारी विनोद सोनकिया के नेतृत्व में राजस्व दल ने एफटीएल से 33 मीटर के दायरे में हो रहे अनाधिकृत निर्माण ध्वस्त किए। तहसीलदार हुजूर अतुल शर्मा, नायब तहसीलदार शुभम जैन, राकेश पिप्पल एवं राजस्व निरीक्षक-पटवारियों की टीम कार्रवाई में शामिल रही।
कहां हुई कार्रवाई:
ग्राम मेंडोरी: खसरा नंबर 322 रकबा 1.100 हे. एवं 323 रकबा 0.490 हे, कुल 1.590 हेक्टेयर भूमि मुनतियाज अली के नाम दर्ज है। इस पर राजीव द्विवेदी द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था। अनुमानित बाजार मूल्य 12 करोड़ रुपये।
ग्राम बेरखेड़ी बज्याफत: खसरा नंबर 296 रकबा 1.570 हे. भूमि शाहवाज खान के नाम दर्ज है। यहां भी राजीव द्विवेदी द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था। अनुमानित मूल्य 15 करोड़ रुपये।
प्रशासन के अनुसार, दोनों जगह फुल टैंक लेवल से 33 मीटर के प्रतिबंधित दायरे में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण किया जा रहा था। राजस्व दल ने मौके पर जेसीबी चलाकर सभी अनाधिकृत निर्माण हटाए।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और एफटीएल के दायरे में किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।