रतलाम/सैलाना के होटल-ढाबों में खुलेआम बिक रही थी अवैध शराब, आबकारी की दबिश में 3 पर केस
Last Updated: जुलाई 15, 2026 " 10:56 अपराह्न"
Ratlam :सैलाना के होटल-ढाबों में खुलेआम बिक रही थी अवैध शराब, आबकारी की दबिश में 3 पर केस
रतलाम,15 जुलाई (स्पष्ट खबर)। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के आदेश के बाद आबकारी विभाग ने सैलाना क्षेत्र के होटल-ढाबों पर शिकंजा कसा है। ग्राहकों को खान-पान, चाय-नाश्ते के साथ परोसी जा रही अवैध शराब का भंडाफोड़ हुआ है।
प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के निर्देश पर और सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को सैलाना वृत में औचक कार्रवाई की।
आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे के नेतृत्व वाली टीम ने कार्तिक ढाबा, पारगी ढाबा, होटल मधुबन, रॉयल राजस्थानी ढाबा और हरियाली ढाबा की तलाशी ली। यहां से 30 पाव देशी प्लेन मदिरा और 16 केन बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 4,520 रुपये है।
तीनों जगहों पर नियमों को ताक पर रखकर शराब बेची जा रही थी। आरोपियों के खिलाफ मप्र आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रामचरण पवार और नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी भी शामिल थे।
आबकारी अधिकारी ने साफ किया कि होटल-ढाबों की आड़ में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी।