रतलाम में अवैध खनन पर शिकंजा: नवागत खनिज अधिकारी ने की बड़ी कार्रवाई, डम्पर-जेसीबी-ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त

  
Last Updated:  जुलाई 21, 2026 " 12:39 पूर्वाह्न"

Ratlam : अवैध खनन पर शिकंजा: नवागत खनि अधिकारी ने की बड़ी कार्रवाई, डम्पर-जेसीबी-ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त

रतलाम,(स्पष्ट खबर)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से खनिज विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नव नियुक्त खनिज अधिकारी संजीत कुमार धुर्वे ने कार्यभार संभालते ही अपनी टीम के साथ मैदान में उतरकर दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक डम्पर, एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया।

खनिज अधिकारी के साथ इस कार्यवाही में सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र कुमार चिड़ार और शंकर कनेश भी शामिल रहे। विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी थी।

कनेरी रोड पर पकड़ा गया अवैध डम्पर
पहली कार्रवाई कनेरी रोड पर की गई। यहां खनिज दल को सूचना मिली थी कि बिना रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों के खनिज गिट्टी का परिवहन किया जा रहा है। मौके पर पहुंचते ही टीम ने एक तेज गति से जा रहे डम्पर को रोका। जांच में चालक कोई भी वैध परमिट या परिवहन पास प्रस्तुत नहीं कर सका। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डम्पर को तुरंत जप्त कर लिया गया। जप्त वाहन को आगे की कार्यवाही के लिए होमगार्ड लाइन, रतलाम की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग अब वाहन स्वामी के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौण खनिज नियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जुर्माना वसूली की प्रक्रिया शुरू करेगा।

बिरमावल क्षेत्र में मुरम उत्खनन पर कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई जिले के बिरमावल क्षेत्र में की गई। यहां बिना अनुमति के खनिज मुरम का अवैध उत्खन किया जा रहा था। खनिज विभाग टीम के पहुंचते ही मौके से एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया। उत्खनन में लगे लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। दोनों वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस चौकी बिरमावल की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

इस पूरी कार्यवाही के दौरान होमगार्ड जवान मोहम्मद इरशाद, श्रवण और बद्री ने खनिज विभाग को सुरक्षा और सहयोग प्रदान किया।

कड़ी कार्रवाई का संकेत
कार्रवाई के बाद खनिज अधिकारी द्वारा कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जाएंगे और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

 217 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *