NEET पेपर लीक विवाद: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, PM को भेजा त्यागपत्र
Last Updated: जुलाई 25, 2026 " 03:09 अपराह्न"
“राष्ट्र की एकता और छात्रों का भविष्य सर्वोपरि” – इस्तीफे की वजह बताते हुए मंत्री का X पर पत्र जारी
नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री को अपना त्यागपत्र भेजने की जानकारी दी।
जंतर-मंतर पर करीब एक महीने से CJP और अन्य छात्र संगठन मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर सरकार को घेर रहे थे।
धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा X पर जारी पत्र में मंत्री ने लिखा:
“जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है, इस स्थिति का राष्ट्र विरोधी ताकतें लाभ ना उठाएं, देश की एकता बनी रहे, भारत के एक भी विद्यार्थी का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में ना उलझे, हमारे बच्चे अपना समय पढ़ाई में लगाएं, करियर बनाने पर फोकस करें, इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है।”
उन्होंने आगे लिखा,
“मैं पिछले 4 दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा हूं। मेरा सदैव यह विश्वास रहा है कि एक सशक्त, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होती है।”
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वे देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का गहरा सम्मान करते हैं। “भारत की युवा पीढ़ी के सपनों को साकार करना हम सभी के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का नैतिक संकल्प रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में राष्ट्र की सेवा करने का जो अवसर मुझे प्राप्त हुआ उसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का आभार प्रकट करता हूं।”
पृष्ठभूमि पिछले कुछ समय से NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर देशभर में प्रदर्शन हो रहे थे। विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग कर रहा था।
धर्मेंद्र प्रधान 7 जुलाई 2021 से केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद पर थे।
अभी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इस्तीफे की स्वीकृति को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।