रतलाम जिले के 1644 विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए मिलेंगे 25-25 हजार रुपये
Last Updated: अगस्त 31, 2026 " 04:26 अपराह्न"
Ratlam:कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या अधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
रतलाम(स्पष्ट खबर)। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि का अंतरण करेंगे। विद्यार्थियों को यह राशि 1 सितंबर को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित लैपटॉप क्रय के लिये राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रदान की जाएगी।
प्रदेश सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है जिसमें रतलाम जिले के 1644 मेघावी विद्यार्थी भी सम्मिलित हैं। प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इस प्रकार विद्यार्थियों को कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि का अंतरण किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रत्येक जिले से 2-2 टॉपर्स को आमंत्रित किया गया है। रतलाम जिले से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालूखेड़ा की नीलोफर शेख एवम् साईं श्री एकेडमी रतलाम की अक्षिता पालीवाल उक्त लेपटॉप वितरण कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगीं।
लैपटॉप के माध्यम से ये मेघावी विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपनी शिक्षा को और बेहतर बना सकेंगे।