रतलाम/सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ द्वारा डॉ. अनिल जैन (खवासा वाले) का बहुमान, मानवता की पेश की मिसाल

  
Last Updated:  अक्टूबर 7, 2026 " 04:28 अपराह्न"

Ratlam: सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ द्वारा डॉ. अनिल जैन (खवासा वाले) का बहुमान, मानवता की पेश की मिसाल

सुनील परिहार रतलाम/सैलाना (स्पष्ट खबर)। सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ ने मानव सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल जैन (खवासा वाले) का उज्जैन प्रवास के दौरान बहुमान कर सम्मानित किया।

गौरतलब है कि इस वर्ष चातुर्मास हेतु पूज्य गुरुदेव श्री चारुदर्शनाश्रीजी महाराज साहेब का सैलाना श्रीसंघ में पदार्पण हुआ था। चातुर्मास अवधि के दौरान ही पूज्यश्री का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक परामर्श के बाद उन्हें बेहतर उपचार हेतु अहमदाबाद ले जाया गया।

अहमदाबाद में डॉ. अनिल जैन ने पूज्यश्री का उपचार एवं ऑपरेशन पूरी निष्ठा और अथक परिश्रम के साथ किया। उपचार के दौरान डॉ. जैन एवं उनकी पूरी मेडिकल टीम ने दिन-रात सेवा भाव से प्रयास किया। दुर्भाग्यवश पूज्य महाराज साहेब कालधर्म को प्राप्त हो गए, जिसका समस्त श्रीसंघ को गहरा दुःख है।

बिल किया NIL, जीतो कार्ड के बावजूद नहीं ली राशि

इस दुःखद घड़ी में भी डॉ. अनिल जैन ने जैनत्व और मानवता का अनुपम परिचय दिया। उन्होंने अस्पताल का सम्पूर्ण बिल ‘NIL’ (शून्य बकाया) कर दिया और समस्त व्यय स्वयं वहन किया। संघ के प्रतिनिधि भैय्या अंकित को बिल सौंपते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जीतो संस्था का कार्ड होने के बावजूद भी उन्होंने कोई राशि नहीं ली है और न ही भविष्य में लेंगे।

सैलाना से अचानक पहुंचे श्रीसंघ के सदस्यों को देख डॉ. अनिल जैन भावुक हो गए और पहले सम्मान लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने विनम्रता से कहा, “मिच्छामि दुक्कड़म, मैंने बहुत कोशिश की, पर ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था।”

गौरवान्वित महसूस कर रहा है श्रीसंघ

बहुमान समारोह के अवसर पर सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र मेहता, राजेन्द्र चण्डालिया, अभय रांका, अनिल चण्डालिया, ललित चण्डालिया और मनोज भण्डारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संघ अध्यक्ष सुरेन्द्र मेहता ने कहा कि “डॉ. अनिल जैन जैसे सेवाभावी और परोपकारी जैन रत्न का बहुमान कर सैलाना श्रीसंघ स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनका यह त्याग और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।”

श्रीसंघ ने डॉ. अनिल जैन एवं उनकी सम्पूर्ण मेडिकल टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

 51 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *