रतलाम/पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने ली अपराध समीक्षा बैठक, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए सख्त निर्देश
Last Updated: अक्टूबर 10, 2026 " 06:38 अपराह्न"
Ratlam:पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने ली अपराध समीक्षा बैठक, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए सख्त निर्देश
रतलाम (स्पष्ट खबर)। पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा आज नवीन पुलिस कंट्रोल रूम रतलाम में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति, अपराधों की प्रवृत्ति एवं पुलिस की कार्यवाही की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल श्रीमती गायत्री सोनी, जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा विगत समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी थाना क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों की संख्या में वृद्धि पाई गई, वहाँ कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध, लंबित एवं चिह्नित अपराध, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही, अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई, गुम/अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी (ऑपरेशन मुस्कान), सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया गया।
एसपी द्वारा दिए गए 8 प्रमुख निर्देश –
लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण हेतु विशेष टीमों का गठन किया जाए।
चोरी के प्रकरणों में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मशरूका बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम अवयस्क बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए टीम गठित कर अभियान संचालित किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य शिकायतों का संतोषजनक एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लंबित फरार एवं स्थायी वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
आदतन अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में जनसंवाद आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि “अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर अंकुश लगाएँ और जनता के साथ संवाद मजबूत करें।