दिल्ली विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स के रूझानों में आप सब पर भारी
Last Updated: फ़रवरी 8, 2020 " 03:00 अपराह्न"
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे वैसे तो दो दिन बाद आने हैं लेकिन एग्ज़िट पोल्स के रुझानों पर यकीन करें तो ऐसा लगता है कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी करने जा रही है.
70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा में बहुमत के लिए 36 विधायकों की ज़रूरत पड़ेगी.
पर तकरीबन सभी समाचार चैनलों ने अपने एग्ज़िट पोल्स में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी को निर्णायक बढ़त की स्थिति में दिखलाया है.
‘आप’ की स्थिति
एबीपी न्यूज़ और सी वोटर के एग़्जिट पोल के मुताबिक़ आम आदमी पार्टी को 49 से 63 सीटें तक मिल सकती हैं.
जबकि टाइम्स नाउ और इप्सॉस का सर्वे ‘आप’ को 47 सीटें दे रहा है.
दूसरी तरफ़, टीवी9 भारतवर्ष और सिसेरो के सर्वे में ‘आप’ को 54 सीटें दी गई हैं.
रिपब्लिक टीवी और जन की बात के एग़्जिट पोल के अनुसार ‘आप’ को 48 से 61 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं.
इंडिया न्यूज़ और नेता के सर्वे अगर सच हुए तो आम आदमी पार्टी को 53 से 57 सीटें मिलने की संभावना है.
यहां तक कि सुदर्शन न्यूज़ ने भी अपने सर्वे में ‘आप’ को 41 से 45 सीटें दी हैं.
एग़्जिट पोल्स से रुझानों का औसत या पोल ऑफ़ एग़्जिट पोल्स के आंकड़े आम आदमी पार्टी को 52 सीटें दे रहे हैं.
दिल्ली में विपक्ष की स्थिति
एग्ज़िट पोल्स में इस बात को लेकर आम राय है कि दिल्ली में विपक्ष की भूमिका निभा रही दोनों पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस सत्ता की रेस में फिसलती हुई दिख रही हैं.
वैसे इस रेस में बीजेपी दूसरे नंबर पर है और पिछले विधानसभा चुनावों के मुक़ाबले उसकी स्थिति में सुधार होने की संभावना है.
एबीपी न्यूज़ और सी वोटर के सर्वे में बीजेपी को 5 से 19 सीटें और कांग्रेस को 0 से 4 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.
अलका लांबा ने आप कार्यकर्ता को क्यों मारा थप्पड़?
दूसरी तरफ़, टाइम्स नाउ और इप्सॉस का एग़्जिट पोल बीजेपी को 23 और कांग्रेस को 0 सीट दे रहा है.
रिपब्लिक टीवी और जन की बात के सर्वे में बीजेपी को 9 से 21 सीटें और कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलते हुए दिखाया गया है.
इंडिया न्यूज़ और नेता के सर्वे की मानें तो बीजेपी को 11 से 17 मिल सकती हैं जबकि कांग्रेस को 0 से 2 सीटें.
टीवी9 भारतवर्ष और सिसेरो के सर्वे में बीजेपी को 15 सीटें तो कांग्रेस को 1 सीट मिलने की बात कही गई है.
बीजेपी की सबसे बेहतर स्थिति का अनुमान सुदर्शन न्यूज़ ने लगाया है. उसने बीजेपी को 24 से 28 सीटें तो कांग्रेस को 1 से 2 सीटे मिलने की संभावना जाहिर की है.
वैसे मतदान के बाद आए ये एग्ज़िट पोल कुछ भी कहें पर असली और वास्तविक नतीजे मंगलवार को ही आएंगे.