भाजपा प्रदेश अध्यक्ष: राकेश सिंह हटाए, विष्णु दत्त शर्मा नए अध्यक्ष
Last Updated: फ़रवरी 15, 2020 " 06:41 पूर्वाह्न"
भोपाल। राजनीति में रुचि रखने वालों के लिए बड़ी खबर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह विष्णु दत्त शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बीडी शर्मा इन दिनों खजुराहो सीट से सांसद है।
राकेश सिंह का हटना सुनिश्चित था
जबलपुर से सांसद राकेश सिंह का प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल काफी हद तक विफल रहा। दिल्ली के मनोज तिवारी की तरह राकेश सिंह भी अपने खाते में कुछ चुनाव की जीत दर्ज कर सकते हैं परंतु बताने की जरूरत नहीं कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को वोट राकेश सिंह की वजह से नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह की वजह से मिले थे। राकेश सिंह संगठन को मजबूत करने में विफल रहे। स्वागत सत्कार कराने का उन्हें काफी शौक था।
विद्यार्थी परिषद का छात्र नेता भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष
विष्णु दत्त शर्मा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। वह एक छात्र नेता थे और ABPV में पूर्णकालिक कार्यकर्ता निकले। अपने जीवन के महत्वपूर्ण साल उन्होंने छात्र राजनीति को दिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निर्देश पर बीडी शर्मा ने बीजेपी ज्वाइन की थी। लोकसभा चुनाव में खजुराहो सीट पर उनका सक्रिय संपर्क ना होने के बावजूद विष्णु दत्त शर्मा मतदाताओं का दिल जीतने में कामयाब रहे। बीडी शर्मा मूल रूप से संगठन के व्यक्ति हैं।