गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने जान जोखिम में डाल दी,
Last Updated: अगस्त 5, 2021 " 11:23 पूर्वाह्न"
भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बाढ़ में फंसे 9 लोगों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। हालांकि सभी 9 लोग और डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा भारतीय वायुसेना द्वारा एयर लिफ्ट करा लिए गए|
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पंचायत भवन में फंसे ग्रामीणों को बचाने नाव से गए थे
बताया गया है कि यह घटना दतिया जिले के ग्राम कोटरा की है। डॉ नरोत्तम मिश्रा एनडीआरएफ की टीम के साथ नाव में बैठकर बाढ़ में फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए निकले थे| उनके पास कुछ भोजन और दवाइयां थी, जो बाढ़ में फंसे हुए लोगों के लिए ले गए थे। इसी प्रक्रिया के दौरान डॉ नरोत्तम मिश्रा ग्राम कोटरा के पंचायत भवन में पहुंचे। यहा चार महिलाएं एवं पांच पुरुष फंसे हुए थे।
नरोत्तम मिश्रा ने पहले बाढ़ में फंसे ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर में भेजा
बताया जा रहा है कि डॉ नरोत्तम मिश्रा पंचायत भवन तक सफलतापूर्वक पहुंच गए परंतु उनकी नाव के माध्यम से वापसी संभव नहीं हो पा रही थी। काफी कोशिश के बाद भी जब सफलता नहीं मिली तो वायु सेना की मदद मांगी गई। वायु सेना ने बाढ़ में फंसे हुए सभी 9 लोगों और गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा को एअरलिफ्ट कराया। उल्लेखनीय है कि जान जोखिम में होने के बावजूद गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पहले ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर में भेजा और अंत में खुद आए।