हर गांव में चार इंजीनियरों को रोजगार देंगे, जनजाति वालों के छोटे-मोटे मुकदमे वापस लिए जाएंगे: सीएम का ऐलान
Last Updated: अक्टूबर 20, 2021 " 08:23 पूर्वाह्न"
अलीराजपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। अलीराजपुर में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के हर गांव में चार युवा इंजीनियरों को रोजगार दिया जाएगा।
हर गांव में 4 ग्रामीण इंजीनियर तैयार करेंगे: मुख्यमंत्री
सीएम शिवराज सिंह चौहान अलीराजपुर में मगंलवार को जोबट विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी का प्रचार कर रहे थे। प्रचार सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि हर गांव में 4 ग्रामीण इंजीनियर तैयार करेंगे। जो स्थानीय काम करेंगे और उनको रोजगार भी मिलेगा। अब गांव में हैंडपंप से पीने का पानी नहीं आएगा, अब पाइपलाइन बिछा कर घरों में नल लगाकर पानी मिलेगा।
युवाओं को गाड़ी दिलवाएंगे और फिर भाड़ा भी देंगे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ‘राशन आपके द्वार’ के तहत अब घर-घर राशन पहुंचाया जायेगा। इसके लिए जो गाड़ी लगेगी, उसके लिए सरकार मार्जिन मनी देकर युवाओं को गाड़ी का मालिक बनायेगी, ताकि हमारे जनजाति बेटे भी रोजगार पा सकें।
जनजाति वालों के छोटे-मोटे मुकदमे वापस लिए जाएंगे: सीएम का ऐलान
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि छोटे-मोटे मुकदमे जो जनजाति भाई-बहनों पर चल रहे हैं, उसे वापस लिया जायेगा। पेसा एक्ट को लागू करके अपने जनजाति भाई-बहनों को आर्थिक रूप से हम सशक्त बनायेंगे।