रतलाम/ सैलाना के शत्रुंजय ज्वेलर्स में 7 लाख की चोरी का खुलासा, झाबुआ के दो शातिर चोर गिरफ्तार, हथियार समेत पूरा माल बरामद
Last Updated: मई 25, 2026 " 05:24 अपराह्न"
सीसीटीवी फुटेज से ट्रैक हुए बदमाश, मंदसौर-राजस्थान तक फैला था गैंग का जाल
रतलाम (स्पष्ट खबर)। रतलाम पुलिस (Ratlam Police) के ऑपरेशन सुरक्षा कवच (Operation safety cover) को बड़ी सफलता मिली है। थाना सैलाना (sailana) पुलिस ने 20 मई की रात शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने झाबुआ जिले के झकनावदा गांव से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल, हथियार और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।
20 मई की रात हुई थी वारदात फरियादी प्रेम जैन निवासी सैलाना ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई की रात वह अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स”, बड़ा जैन मंदिर के पास, चन्द्रशेखर मार्ग बंद कर घर चले गए थे। 21 मई सुबह 6 बजे जैन मंदिर के पुजारी ने फोन कर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले। दुकान से लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण और करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण गायब थे। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये बताई गई। थाना सैलाना में अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
400 सीसीटीवी कैमरों ने दिया सुराग घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन और एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के नेतृत्व में सैलाना, बिलपांक, रावटी थाने व साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई।
रतलाम पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुरक्षा कवच के तहत जनसहयोग से शहर में लगवाए गए लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों और 260 शासकीय कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कंट्रोल रूम से मिले फीड में एक आरोपी दुकान के अंदर ज्वेलरी को पॉलीथिन बैग में भरता और दूसरा बाहर निगरानी करता साफ दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर आरोपियों का रूट ट्रैक किया गया।
झाबुआ में घेराबंदी कर दबोचे तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के ग्राम झकनावदा पहुंची। कोटिया से दौलतपुर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर (25) और विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन (30), दोनों निवासी झकनावदा, जिला झाबुआ बताया। दोनों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी की वारदात कबूल की।
नाले के पास गड्ढे में छिपाया था माल आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम कोटिया-दौलतपुरा मार्ग पर नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर छिपाया गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया।
बरामदगी
लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण
करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण
घटना में प्रयुक्त ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर व अन्य औजार
एक देशी पिस्टल मय एक जिंदा कारतूस व एक खाली राउंड
बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल
मंदसौर से राजस्थान तक फैला था नेटवर्क सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना के कीर्तिविहार में चोरी, बिलपांक क्षेत्र के मंदिर में चोरी, पेटलावद व झाबुआ में नकबजनी की वारदातें कबूलीं। साथ ही ग्राम दलौदा, जिला मंदसौर से पल्सर बाइक और राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर से प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। सभी संबंधित थानों से समन्वय कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
30 से अधिक पुलिसकर्मियों ने दिया योगदान इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश, निरीक्षक सुरेंद्रसिंह गड़रिया, निरीक्षक अय्यूब खान, उप निरीक्षक आनंद, सीसीटीवी प्रभारी उप निरीक्षक राजा तिवारी, सउनि राकेशसिंह शक्तावत, सउनि सिताराम तेनीवार, सउनि हितेन्द्र सिंह समेत 30 से अधिक अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीसीटीवी टीम में प्रआर शांतिलाल डिंडोर, आर पारस चावला, आर समरथ डुड़वे ने अहम योगदान दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।