रतलाम/ सेवानिवृत्त शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

  
Last Updated:  जून 9, 2026 " 04:32 अपराह्न"

रतलाम(स्पष्ट खबर)। लोकायुक्त (Lokayukta) संगठन की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उज्जैन संभाग की टीम को आज जावरा में बड़ी सफलता मिली। टीम ने संकुल केन्द्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा को सेवानिवृत्त शिक्षक से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, निवासी विश्रामगृह के पीछे, जावरा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या से उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पी.पी.ओ. जारी कराने के लिए आरोपी बाबू अनिल वर्मा द्वारा 10,000 रुपये की मांग की जा रही थी। परेशान होकर आवेदक ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद सोमवार को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आवेदक ने अनिल वर्मा को रिश्वत की राशि थमाई, टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने रकम टेबल की दराज पर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी थी, जिसे मौके पर बरामद कर लिया गया।

आरोपी के विरुद्ध धारा-7 भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम की टीम द्वारा की गई।

लोकायुक्त की अपील: यदि कोई शासकीय कर्मचारी कार्य के बदले रिश्वत मांगे तो लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 या दूरभाष 0734-2512756 पर शिकायत करें। शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

 208 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *