MP में नकली शराब से 10 मौतों पर सरकार सख्त, तीन आबकारी अधिकारी निलंबित

  
Last Updated:  सितम्बर 6, 2026 " 05:07 अपराह्न"

भोपाल(स्पष्ट खबर)। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में नकली शराब पीने से दस लोगों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है।

उपमुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा के निर्देश पर विभाग ने तीन आबकारी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

निलंबित अधिकारियों में सहायक आयुक्त आबकारी सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती शामिल हैं।

दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा: उप मुख्यमंत्री देवड़ा

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि “इस हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।”

उन्होंने कहा कि अवैध अथवा नकली शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभागीय स्तर पर यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली है तथा आबकारी आयुक्त को तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए हैं। शराब के स्रोत, आपूर्ति तथा अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

घटना दुर्भाग्यपूर्ण, होगी सख्त कार्रवाई: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में मीडिया से चर्चा में कहा कि सागर के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में हुई यह घटना अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सागर जिले के प्रभारी मंत्री एवं अधिकारियों को घटना की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। जांच के बाद किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

 70 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *