थाना शिवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कपास-मक्का के बीच उगा रखे थे 880 गांजे के पौधे, कीमत 28 लाख
Last Updated: अक्टूबर 17, 2026 " 06:19 अपराह्न"
Ratlam:मादक पदार्थों के खिलाफ रतलाम पुलिस का प्रहार, NDPS में केस दर्ज
रतलाम(स्पष्ट खबर)। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम गुंजा में दबिश देकर खेत में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए हैं।
जब्त गांजे का कुल वजन 280.65 किलोग्राम और अनुमानित बाजार कीमत 28 लाख 06 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर की दबिश
16 अक्टूबर 2026 को थाना शिवगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गुंजा निवासी वीरू पिता शम्भु पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी है।
सूचना पर एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय के नेतृत्व में टीम ने खेत की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी वीरू पारगी (52 वर्ष) को पकड़ा गया।
तलाशी में खेत में कपास और मक्का की फसल के बीच छिपाकर लगाए गए गांजे जैसे हरे पौधे मिले। पंचों की मौजूदगी में गिनती करने पर कुल 880 पौधे बरामद हुए।
NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज
आरोपी वीरू पिता शम्भु पारगी निवासी ग्राम गुंजा, थाना शिवगढ़ के विरुद्ध धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: वीरू पिता शम्भु पारगी, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम गुंजा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम।
जप्ती: 880 हरे गांजे के पौधे, वजन 280.65 किलो, कीमत ₹28,06,500
टीम की सराहनीय भूमिका: निरीक्षक लिलियन मालवीय, उनि प्रतापसिंह भदोरिया, उनि अजमेरसिंह भुरिया, उनि ईशाक मोहम्मद खान, प्रआर 334 रघुवीरसिंह शक्तावत, प्रआर 81 जितेन्द्रपालसिंह राठौर, आरक्षक 670 मनीष खराड़ी, सचिन पाटीदार, विकास जादौन एवं महिला आरक्षक 694 रंजिता मोदी।
रतलाम पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।