नरेंद्र मोदी के नाम हुआ अहमदाबाद में बना दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्‍टेडियम, विरोध शुरू

  
Last Updated:  फ़रवरी 24, 2021 " 05:07 अपराह्न"

नरेंद्र मोदी के नाम पर हुआ मोटेरा स्‍टेडियम का नाम।

अहमदाबाद|दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्‍टेडियम का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया है। बुधवार दोपहर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नए बने स्‍टेडियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। ‘मोटेरा’ के नाम से मशहूर इस स्‍टेडियम को अब तक ‘सरदार पटेल स्‍टेडियम’ के नाम से जाना जाता था। यह स्‍टेडियम पिछले साल फरवरी में ‘नमस्‍ते ट्रंप’ कार्यक्रम का गवाह बना था। अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप तब भारत दौरे पर आए थे।

यह स्‍टेडियम ‘सरदार पटेल स्‍पोर्ट्स एनक्लेव’ का हिस्‍सा होगा। इस एनक्लेव में ‘नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम’ के अलावा फील्‍ड हॉकी और टेनिस के लिए भी स्‍टेडियम होगा। इसके अलावा कई तरह के इनडोर और आउटडोर स्‍पोर्ट्स के लिए भी व्‍यवस्‍थाएं होंगी।

शुरू हो गया है विरोध
स्‍टेडियम का नाम मोदी के नाम पर रखने का विरोध भी शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने ट्वीट किया, “दुनिया के सबसे बड़े अहमदाबाद स्थित सरदार पटेल क्रिकेट स्टेडियम का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम रखा गया है, क्या यह सरदार पटेल का अपमान नहीं हैं? सरदार पटेल के नाम पर मत माँगने वाली भाजपा अब सरदार साहब का अपमान कर रही हैं। गुजरात की जनता सरदार पटेल का अपमान नहीं सहेगी।”

एक लाख 10 हजार की क्षमता के साथ यह स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बन चुका है। सभी टिकटें बिक चुकी हैं। नवंबर 2014 के बाद, आज से पहली बार इस स्टेडियम में कोई अंतरराष्‍ट्रीय मैच खेला जाएगा।

11 तरह की पिच है इस स्‍टेडियम में
करीब 63 एकड़ से अधिक एरिया में यह स्‍टेडियम फैला है। यह ओलिंपिक आकार के 32 फुटबॉल स्टेडियमों के बराबर का स्‍टेडियम है। एमसीजी की डिजाइन बनाने वाले आस्ट्रेलियाई आर्किटेक्ट फर्म पोपुलस समेत कई विशेषज्ञ इसके निर्माण में शामिल थे । इसमें लाल और काली मिट्टी की 11 पिचें बनाई गई है। यह दुनिया का अकेला स्टेडियम है जिसमें मुख्य और अभ्यास पिचों पर एक सी मिट्टी है। इसमें ऐसा ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया है कि बारिश के बाद पानी निकालने के लिये सिर्फ 30 मिनट लगेंगे।

स्टेडियम में एलईडी फ्लडलाइट लगाई गई है जिससे डे-नाइट टेस्‍ट दौरान हवा में गेंद को आसानी से देखा जा सकेगा। गुजरात क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव अनिल पटेल ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में 11 सेंटर पिचें हैं और इसके साथ जिम सहित चार ड्रेसिंग रूम हैं। इसमें 1,10,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है जो मेलबर्न क्रिकेट मैदान से भी अधिक है।

 2,213 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *