भाजपाई हुए मिथुन दा : महारैली में बोले- मुझ पर भरोसा रखना, मैं जो कहता हूं, वो करता हूँ
Last Updated: मार्च 7, 2021 " 02:39 अपराह्न"
भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती – फोटो : ANI
कोलकाता|पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने रविवार को कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। मिथुन का भाजपा में शामिल होना बंगाल चुनाव में पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा में शामिल होने के बाद मिथुन दा ने कहा कि मुझ पर भरोसा रखना, मैं जो कहता हूं, वो करता हूं।
भाजपा के दामन थामने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने हजारों की संख्या में पहुंची जनता को संबोंधित किया। प्रधानमंत्री मोदी की रैली से पहले भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, ”मैं दिल से बंगाली हूं। मेरा मानना है कि जो बंगाल में रह रहा है, वो बंगाली है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुझ पर भरोसा रखना, मैंने किसी का साथ नहीं छोड़ा है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मैं जो कहता हूं, वो करता हूं। उन्होंने कहा कि जब वो 18 साल के थे, तब से उनकी कामना थी कि वो गरीबों के लिए कुछ करें और आज वो सपना पूरा हो रहा है।”
सूत्रधार बने विजयवर्गीय, शनिवार को हुई मिथुन दा कैलाश विजयवर्गीय की मुलाकात
भाजपा ने बिछाए पलक पावड़े, किया स्वागत मिथुन चक्रवर्ती के लिए भाजपा ने पलक पावड़े बिछाए हुए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रैली में पहुंचने से पहले ही मिथुन चक्रवर्ती भाजपा में शामिल हो गए। इस दौरान, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पार्टी उपाध्यक्ष मुकुल रॉय और सुवेन्दु अधकारी मैदान में मौजूद थे, जहां आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं। मिथुन चक्रवर्ती के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। विजयवर्गीय ने ट्वीट में लिखा, ”स्वागतम मिथुन दा ! प्रसिद्ध अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो गए हैं।”