नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार को फिर डीजल की कीमत में तगड़ी बढ़ोतरी कर दी। देश भर में डीजल की कीमत में प्रति लीटर 25 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है। पिछले 4 दिन में तीसरी बार डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। 4 दिन में डीजल की कीमत 70 पैसे प्रति लीटर बढ़ गई है। हालांकि पेट्रोल की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली के बाजार में सोमवार को इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल प्रति लीटर 101.19 रुपये पर स्थिर रहा। लेकिन डीजल 25 पैसे की छलांग लगा कर 89.32 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।
क्यों बढ़ रही है डीजल की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल भले ही महंगा बिक रहा हो, लेकिन यहां सरकारी तेल कंपनियां उस हिसाब से कीमतों में बढ़ोतरी नहीं कर रही हैं। वैसे भी डीजल महंगा ईंधन होने के बावजूद भारत में यह पेट्रोल के मुकाबले सस्ता बिकता है। इस साल के शुरूआती महीनों के दौरान कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। उस दौरान 41 दिनों तक डीजल के दाम में कोई फेरदबल नहीं हुआ था। इन दिनों पिछले 18 दिनों से इसके दाम में कोई फेरबदल नहीं हुआ था, लेकिन पिछले 4 दिन में यह 70 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है।
पेट्रोल का हाल इस साल की पहली तिमाही के दौरान कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया चलने की वजह से बीते मार्च और अप्रैल में पेट्रोल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। इसलिए, उस दौरान कच्चा तेल महंगा होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। लेकिन, बीते 4 मई से इसकी कीमतें खूब बढ़ी। कभी लगातार तो कभी ठहर कर, 42 दिनों में ही पेट्रोल 11.52 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। हालांकि, हरदीप सिंह पुरी के पेट्रोलियम मंत्री बनने के बाद बीते 18 जुलाई से इसके दाम स्थिर थे। रक्षा बंधन के दिन, इसके दाम में महज 20 पैसे की कमी की गई थी। उसके दो दिन बाद भी 15 पैसे की कमी हुई है। उसके बाद एक सितंबर और पांच सितंबर को इसके दाम फिर 15-15 पैसे घटे थे।
90 डॉलर तक जा सकती है कीमत कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का दौर जारी है। इस महीने हर सप्ताह कच्चा तेल चढ़ कर बंद हुआ। दरअसल, अमेरिका में इन दिनों कच्चे तेल का स्टॉक तीन साल के न्यूनतम स्तर पर आ गया है। इस बीच वहां पेट्रोलियम पदार्थों की खपत तेजी से बढ़ रही है। इसलिए स्पॉट मार्केट से खरीदारी जारी है। यही वजह है कि शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड 78 डॉलर प्रति बैरल के भी पार चला गया। आज भी सिंगापुर के बाजार में ब्रेंट क्रूड 79.15 डॉलर प्रति बैरल पर खुला जो कि पिछले दिन के मुकाबले 01.06 डॉलर अधिक है। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 01.04 डॉलर बढ़ कर 75.02 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड हो रहा था। गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि ब्रेंट की कीमत इस साल के अंत तक 90 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती है।