दुर्गा विसर्जन से पूर्व डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ने जवानों को किया अलर्ट, सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा की
Last Updated: अक्टूबर 12, 2021 " 06:03 अपराह्न"
उज्जैन। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एसडीआरएफ/होमगार्ड श्री संतोष कुमार जाट ने दुर्गा विसर्जन के पूर्व सुरक्षा इंतजाम की पूर्व व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को होमगार्ड के अधिकारी, कर्मचारी और जवानों के साथ बैठक की। उल्लेखनीय है कि आगामी 14 अक्टूबर से दुर्गा अष्टमी और नवमी पर घाटों पर बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होना है।
बैठक में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट द्वारा सभी घाटों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों से सौंपी गई। उन्होंने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिये 14 अक्टूबर से सभी घाटों पर होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के लगभग 110 जवानों को मय आपदा प्रबंधन सामग्री जिसमें रामघाट पर चार मोटरबोट एवं अन्य घाटों पर 100 से अधिक लाईफबाय, 70 लाईफ जैकेट, लाऊड हैलर एवं अन्य आपदा बचाव के उपकरण प्रदाय किये जायेंगे। घाटों पर जवानों के द्वारा सतत पेट्रोलिंग भी की जायेगी, जिससे कोई भी अप्रिय घटना एवं जल-जनित आपदा न घट सके। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट द्वारा बताया गया कि दुर्गा विसर्जन के लिये प्रशासन द्वारा केडी पैलेस को मुख्य विसर्जन स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
इस स्थान पर एसडीआरएफ के 10 सदस्यीय कुशल जवानों की टीम तैनात की जायेगी एवं जवानों के नियंत्रण एवं पर्यवेक्षण के लिये कंपनी कमांडर से लेकर सहायक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई जायेगी।