जवानों का हित मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता -डीजी होमगार्ड, डीजी होमगार्ड ने होमगार्ड लाइन का निरीक्षण किया
Last Updated: अक्टूबर 18, 2021 " 05:33 अपराह्न"
उज्जैन । उज्जैन में दो दिवसीय प्रवास पर आये होमगार्ड डायरेक्टर जनरल श्री पवन कुमार जैन ने सोमवार को नागझिरी स्थित होमगार्ड कार्यालय का निरीक्षण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे प्रात: 8.30 बजे डीजी होमगार्ड लाइन पहुंचे। डिवीजनल कमांडेंट श्रीमती प्रीतिबाला सिंह और जिला सैनानी श्री संतोष कुमार जाट ने डीजी श्री जैन की अगवानी की।
डीजी द्वारा जिला होमगार्ड के द्वारा सालभर में किये गये उत्कृष्ट कार्य, बाढ़ बचाव, विभिन्न पर्वों पर ड्यूटियां, प्रशिक्षण आदि का अवलोकन किया गया। साथ ही होमगार्ड कार्यालय, आफिसर्स मेस, ईडी शाखा, एमटी शाखा, भण्डार, आपदा प्रबंधन उपकरणों, भोजनशाला, बैरक आदि कक्षों का निरीक्षण किया। कार्यालय में स्थित कक्ष में सभी अधिकारियों और जवानों की उपस्थिति में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें डीजी के द्वारा जवानों की समस्याओं के सम्बन्ध में निराकरण हेतु उन्हें आश्वस्त किया गया।
डीजी श्री जैन ने कहा कि वर्तमान में होमगार्ड की भूमिका निरन्तर बढ़ती जा रही है। होमगार्ड के तहत एसडीआरएफ इकाई के द्वारा किये गये आपदा सम्बन्धी सभी कार्य सराहनीय है। वर्षा ऋतु में मप्र के उत्तरी इलाके में आई भीषण बाढ़ के समय एसडीआरएफ के जवानों के द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों की उन्होंने सराहना की। जवानों के द्वारा डीजी श्री जैन को उनकी भविष्य निधि, स्वास्थ्य बीमा और रोटेशन सम्बन्धी समस्याओं से अवगत कराया गया। इस पर डीजी श्री जैन ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे जवानों की उक्त् समस्याओं से परिचित हैं और इन समस्याओं के निराकरण के लिये शासन स्तर पर सार्थक पहल की जा रही है।
डीजी ने कहा कि समय के साथ आपदा के आयाम बदल रहे हैं इसलिये आने वाले दिनों में एसडीआरएफ की महती आवश्यकता को देखते हुए एसडीआरएफ की स्वीकृत बल संख्या को 500 से बढ़ाकर 2500 करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कंपनी कमांडर श्रीमती मीनाक्षी चौहान, प्लाटून कमांडर श्रीमती रूबी यादव, प्लाटून कमांडर पुष्पेन्द्र त्यागी, श्रीमती शीला चौधरी, सुश्री हेमलता पाटीदार, लेखापाल भारतसिंह हारी एवं अन्य स्टाफ मौजूद था।