MP news: आज होगा मंत्रिमंडल का गठन, 9 बजे राज्यपाल से मिलेंगे CM मोहन यादव
Last Updated: दिसम्बर 25, 2023 " 09:05 पूर्वाह्न"
भोपाल। कई दिनों से टल रहा मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव( Dr. Mohan Yadav) सरकार के मंत्रिमंडल का गठन आखिरकार सोमवार दोपहर में होना तय हुआ है। मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है, रविवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद मध्यप्रदेश के मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम मुहर लग गई। आज दोपहर मंत्रियों की शपथ होने जा रही है। Cm डॉ. यादव सोमवार सुबह 9 बजे के बाद राज्यपाल मंगु भाई पटेल से मिलेंगे और मंत्रियों के नामों की सूची सौंपेंगे।
इसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को प्रस्तावित ग्वालियर दौरा भी रद्द कर दिया है। इंदौर में हुकुमचंद मिल के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे भोपाल लौटेंगे और दोपहर साढ़े तीन बजे शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।
बता दें कि आज 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari vajpayee) का जन्म दिन है, भाजपा इसे सुशासन दिवस के रूप में मनाती आ रही है। इस मौके पर मंत्रिमंडल का विस्तार कर भाजपा सुशासन को और बढ़ावा देने का संदेश देना चाहती है।
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे आज मंत्रिमंडल का विस्तार होना है । cm डॉ. मोहन यादव ने 2 दिन तक दिल्ली में रहकर भाजपा के तमाम बड़े नेताओं से मुलाकात की, जिसके बाद यह मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी हाई कमान ने मंत्रियों के सभी पदों के नाम को हरी झंडी दे दी है। संभवत पहले विस्तार में करीब 23 से 27 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। हालांकि मंत्रिमंडल में कितने और कौन-कौन से विधायक शामिल होंगे, इसकी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और न ही कोई जानकारी अब तक सामने आई है। लेकिन मंत्रिमंडल में नए और पुराने चेहरों को जगह मिल गई है।
नए चेहरों में भोपाल से रामेश्वर शर्मा या कृष्णा गौर, कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, रतलाम से विधायक चैतन्य काश्यप, होशंगाबाद से विधायक सीतासरण शर्मा का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा कैलाश विजयवर्गी और प्रहलाद पटेल समेत कई दिग्गज विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है।