रतलाम/ आधी रात दबिश: JCB जब्त, माफिया तंत्र से जूझता खनिज अमला
Last Updated: जून 8, 2026 " 07:03 अपराह्न"
रतलाम(स्पष्ट खबर)। अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग की रात्रिकालीन कार्रवाई लगातार जारी है। प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा रीना पाठक के निर्देशन में विभाग ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक और बड़ी कार्रवाई की।
खनिज निरीक्षक देवेंद्र कुमार चिडार ने 8 जून की रात 1:30 बजे ग्राम तरखेड़ी, तहसील रतलाम ग्रामीण में दबिश दी। मौके पर पीली मिट्टी का अवैध उत्खनन कर रही एक JCB मशीन को रंगे हाथ पकड़ा गया। जब्त JCB को पुलिस थाना सरसी की अभिरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई में होम गार्ड जवान शंकरलाल भूरिया और श्रवण कुमार मकवाना शामिल रहे।
मुखबिर तंत्र के सामने चुनौती- सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन माफिया का मुखबिर तंत्र बेहद सक्रिय है। अधिकारियों के घर से निकलते ही, ऑफिस पहुंचने और फील्ड में मूवमेंट की पल-पल की जानकारी माफिया तक पहुंचाई जा रही है। कई बार तो रूट की डिटेल भी पहले ही लीक हो जाती है, जिससे कार्रवाई से पहले ही मशीनें हटा दी जाती हैं।
इसके बावजूद खनिज अमला रूट बदलकर और औचक दबिश देकर लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभाग का दावा है कि मुखबिरों की पहचान की जा रही है और उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
खनिज विभाग ने दोहराया कि जिले में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है। रात-दिन निगरानी और छापामार कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।