रतलाम/ सैलाना: संत की समाधि तोड़ने पर FIR, रजिस्ट्री रद्द करने की मांग को लेकर सर्व हिंदू समाज ने घंटाघर पर धरना दिया.. video

  
Last Updated:  जून 11, 2026 " 06:21 अपराह्न"

सुनील सिंह परिहार
रतलाम सैलाना, 11 जून (स्पष्ट खबर)नगर के वार्ड क्रमांक 09 बोरदिना मार्ग स्थित रामद्वारा आश्रम में स्व. संत श्री 1008 निर्मल राम शास्त्री की प्राचीन समाधि तोड़ने का मामला तूल पकड़ गया है। समाधि तोड़कर भूमि बेचने के आरोप में 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद रविवार को सर्व हिंदू समाज ने घंटाघर चौराहे पर धरना देकर रामद्वारा की रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग की।

क्या है मामला?
रामद्वारा के भक्त शिकायतकर्ता मदनलाल पिता भागीरथ कुमावत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि 30 मई 2026 को संत की समाधि को तोड़कर नष्ट कर दिया।

शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने समाधि स्थल की भूमि को बेच दिया और बची भूमि पर अतिक्रमण कर स्कूल संचालित कर दिया। साथ ही दुकानें बनाकर किराये पर दे दी गईं। भक्तों का कहना है कि उक्त स्थल पर रोज श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घंटाघर पर धरना, रामधुन-हनुमान चालीसा
रविवार को चारभुजानाथ मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, महिलाएं और युवा जुलूस के रूप में पैलेस चौराहा, बस स्टैंड होते हुए रामद्वारा पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने घंटाघर चौराहे पर धरना देकर सड़क पर ही रामधुन और हनुमान चालीसा का पाठ किया।

शासकीय संपत्ति बेचने का आरोप
धरने में शामिल लोगों का आरोप है कि घंटाघर स्थित रामद्वारा परिसर शासकीय संपत्ति है, जिसका गलत तरीके से विक्रय कर रजिस्ट्री करा दी गई। उन्होंने रजिस्ट्री शून्य करने और नामांतरण रोकने की मांग की। बताया गया कि पूर्व में प्रमाणित दस्तावेजों के साथ अधिकारियों को ज्ञापन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

नगर परिषद ने पहले ही लगाई थी रोक
जानकारी के अनुसार रामद्वारा की खरीद-बिक्री के बाद नामांतरण हेतु नगर परिषद सैलाना में आवेदन आने पर परिषद ने मामले की गंभीरता देखते हुए नामांतरण पर रोक लगा दी थी।

भीलवाड़ा से जुड़ा है रामद्वारा
प्राप्त जानकारी अनुसार यह रामद्वारा रामस्नेही संप्रदाय से जुड़ा है, जिसका मुख्य केंद्र राजस्थान के भीलवाड़ा में है। भीलवाड़ा के व्यवस्थापकों ने भी रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए न्यायालय में वाद दायर कर रखा है।

प्रशासन पहुंचा, जांच शुरू
धरने से घंटाघर क्षेत्र में जाम लग गया। करीब एक घंटे बाद SDM तरुण जैन, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, SDOP नीलम बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर परिषद ने रामद्वारा परिसर में बनी दुकानों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने की भी पुष्टि हुई है।

 468 total views

Facebook Comments

Related Posts

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *