मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बनकर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति से सावधान रहें
Last Updated: जून 13, 2026 " 04:02 अपराह्न"
Jhabua: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बनकर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति से सावधान रहें
झाबुआ, (स्पष्ट खबर)। जिले की ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर स्वयं को जिला पंचायत झाबुआ का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बताकर बातचीत करने तथा भ्रामक जानकारी देने के प्रयास किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।
हाल ही में ग्राम पंचायत चोखवाड़ा, जनपद पंचायत मेघनगर के सरपंच एवं ग्राम रोजगार सहायक को मोबाइल नंबर 7388063896 से कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति स्वयं को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत झाबुआ बताकर बातचीत कर रहा था।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शासकीय अधिकारी किसी भी प्रकार की वित्तीय जानकारी, बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी फोन पर नहीं मांगते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या निर्देश पर विश्वास न करें तथा किसी प्रकार की जानकारी साझा न करें।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, शासकीय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस प्रकार के कॉल प्राप्त होते हैं तो तत्काल संबंधित जनपद पंचायत, जिला पंचायत अथवा निकटतम पुलिस थाने को सूचित करें। साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए सतर्कता एवं जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सभी पंचायतों को ऐसे फर्जी कॉलों से सावधान रहने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं।