15 दिन में काम नहीं सुधरा तो ब्लैक लिस्ट होंगे अमृत योजना के ठेकेदार, कटेगी गारंटी राशि: आयुक्त भोंडवे
Last Updated: जून 14, 2026 " 12:45 पूर्वाह्न"
अमृत 2.0 में बजट का 100% उपयोग कर एमपी देश में 7वें स्थान पर, 122 सुस्त परियोजनाओं पर कसी लगाम
भोपाल(स्पष्ट खबर)। नगरीय प्रशासन एवं विकास (Urban Administration and Development)आयुक्त संकेत भोंडवे (Sanket Bhondve) ने अमृत 2.0 जलप्रदाय परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों पर सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि “रेड लिस्ट”(red list) में शामिल संविदाकार यदि 15 दिवस में कार्य में प्रगति नहीं लाते हैं तो उनकी परफॉर्मेंस गारंटी काट दी जाएगी और उन्हें ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। साथ ही ऐसी सभी परियोजनाओं पर लिक्विडेटेड डैमेज (L.D.) भी अधिरोपित किया जाएगा।
आयुक्त भोंडवे ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उपलब्ध कराई गई राशि का 100 प्रतिशत उपयोग मार्च 2026 तक सुनिश्चित कर लिया गया है। इस बेहतर वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रबंधन के चलते अमृत योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश वर्तमान में देश में 7वें रैंक पर पहुंच गया है।
बैठक में कम प्रगति वाली 122 परियोजनाओं की कार्यगुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं लंबित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हो सकें।
समीक्षा बैठक में संभागीय संयुक्त संचालक, संभागीय अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, टीएल, पीडीएमसी एवं आर.ई. उपस्थित रहे। अन्य नगरीय निकायों के अधिकारी और संविदाकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।